संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं व 12वीं की वार्षिक परीक्षा वीरवार से शुरू हो रही हैं। इसे लेकर मंगलवार को अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं कलेक्शन सेंटर से तमाम केंद्र अधीक्षकों को परीक्षा सामग्री वितरित की गई।
मॉडल टाउन स्थित शहीद नवीन वैद्य वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में केंद्र अधीक्षकों को परीक्षा सामग्री के बस्ते उठवाए गए। इसके बाद वीरवार को केंद्र के ताले खोले जाएंगे। यह प्रक्रिया जिला शिक्षा अधिकारी धर्मेंद्र सिंह व उपजिला शिक्षा अधिकारी शिव कुमार धीमान के नेतृत्व में पूरी की गई। 10वीं व 12वीं की परीक्षा जिले के 57 केंद्रों पर होगी। परीक्षा को लेकर सभी केंद्रों को हाजिरी, अनुक्रमांक पत्र, परीक्षार्थी व परीक्षक की सामग्री दी गई है।
प्रश्न पत्र सभी केंद्रों पर वीरवार को पहुंचाए जाएंगे। जगाधरी व बिलासपुर में परीक्षा के लिए 25-25 केंद्र बनाए हैं। जबकि रादौर में केंद्रों की संख्या कुल सात है। नकल रहित परीक्षा करवाने को लेकर डीईओ कार्यालय की ओर से पांच उड़न दस्तों का गठन किया गया है। इस साल जिले से 31846 विद्यार्थी 10वीं व 12वीं की परीक्षा दे रहे हैं।
इनमें निजी स्कूलों के कुल 18219 और सरकारी स्कूल के कुल 13627 विद्यार्थी परीक्षा दे रहे हैं। निजी स्कूलों में 10857 विद्यार्थी दसवीं और 7362 विद्यार्थी 12वीं में पढ़ रहे हैं। जबकि जिले के सरकारी विद्यालयों की दसवीं से 7442 और 12वीं से 6185 विद्यार्थी बोर्ड की परीक्षा देंगे।
इन स्कूलों में बने परीक्षा केंद्र
जिले में सभी परीक्षा केंद्र राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बनाए गए हैं। जगाधरी उपमंडल में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भंभौल, हरनौल, डीएवी हाई स्कूल जगाधरी वर्कशॉप, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जगाधरी वर्कशॉप, डीडी अग्रवाल स्कूल, हिंदू गर्ल्स स्कूल, एसडी सीनियर सेकेंडरी जगाधरी, आर्य कन्या स्कूल जगाधरी, कलावड़ राजकीय स्कूल, मंडौली राजकीय स्कूल, नागल राजकीय स्कूल, जनता सीनियर सेकेंडर स्कूल सरस्वतीनगर, जेपी सीनियर सेकेंडरी स्कूल सरस्वतीनगर, साबापुर राजकीय स्कूल, राजकीय स्कूल स्यालबा, राजकीय स्कूल तलाकौर, डीएवी गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल यमुनानगर, डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल-2, डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल-3 यमुनानगर, शहीद नवीन वैद्य राजकीय स्कूल माॅडल टाउन, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पुरानी सब्जी मंडी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मॉडल कॉलोनी, न्यू ईरा स्कूल में केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा बिलासपुर उपमंडल में बाकरवाला, बिलासपुर, छछरौली गर्ल्स स्कूल, छछरौली सरस्वती हाई स्कूल, राजकीय स्कूल देवधर, राजकीय स्कूल जयधर, कांठगढ़, खदरी, कोटला, कोट कलसिया, लाहरपुर, ललहारी कलां, लेदी, मछरौली, मिल्क खास, मुगलवाली, मुसिंबल, राजकीय कन्या विद्यालय प्रतापनगर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय प्रतापनगर, हिंदू एएस सीनियर सेकेंडरी स्कूल साढौरा, सैनी सीनियर सेकेंडरी स्कूल साढौरा, सालेहपुर और सरावां के राजकीय स्कूल में केंद्र बनाए गए हैं। जबकि रादौर उपमंडल में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अलाहर, अटावा, चमरौड़ी, दामला, गुंदियाना, जठलाना और रादौर के एमएलएन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में केंद्र बनाए गए हैं।
बोर्ड की 10वीं व 12वीं की परीक्षा वीरवार से जिले के 57 केंद्रों पर करवाई जा रही है। बोर्ड की ओर से भेजी गई परीक्षा सामग्री सभी केंद्र अधीक्षकों को वितरित कर दी गई है। नकल रहित परीक्षा को लेकर उड़नदस्ता दल बनाए गए हैं। नकल रहित परीक्षा करवाने को लेकर केंद्रों में सभी प्रबंध किए जाएंगे। - धर्मेंद्र सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी।