संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। संत थॉमस विद्यालय के प्रांगण में खेल विभाग की ओर से विद्यार्थियों की उत्कृष्ट खेल उपलब्धियों के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। वहीं इस दौरान आयोजित वालीबॉल प्रतियोगिता में ब्लू टीम ने ओवरऑल विजेता का खिताब जीता।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रार्थना के साथ हुआ, जिसके बाद पूरे आयोजन में उत्साह और ऊर्जा का माहौल बना रहा। समारोह के दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. चन्दना लाल का स्वागत खेल विभागाध्यक्ष ने गुलदस्ता भेंट कर किया। कार्यक्रम को रोचक बनाने के लिए वालीबॉल मैचों का भी आयोजन किया गया। अंडर-17 वर्ग में टीम-ए और टीम-बी के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें अर्नव, लक्ष्य, सूर्यांश, गुरदीप, परव और इशांत खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया।
वहीं टीम-बी में नमन, जशन, मनिंद्र, आर्यवीर और नवदीप कौशिक ने अपनी प्रतिभा दिखाई। इसी तरह अंडर-19 वर्ग में भी खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। दोनों वर्गों में हुए रोमांचक मुकाबलों में ब्लू टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा विभिन्न खेलों और सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। विद्यालय के छात्रों ने क्रिकेट, योगा, कराटे, वॉलीबॉल, बेसबॉल, हैंडबॉल, पिस्टल शूटिंग, चित्रकला, नृत्य और लेखन कला जैसी विधाओं में राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया है।
प्रधानाचार्या ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास भी विकसित करते हैं। उन्होंने खेल अध्यापकों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सफलता उनके मार्गदर्शन और निरंतर मेहनत का परिणाम है। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या ने सभी विजेताओं को ट्रॉफी और प्रमाण-पत्र प्रदान किए।