व्यासपुर। न्यू हैप्पी पब्लिक स्कूल में कक्षा चौथी व पांचवीं के विद्यार्थियों के लिए इंटर हाउस खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन मंगलवार को किया गया। लड़कों के मुकाबलों में ब्लू हाउस और लड़कियों में ग्रीन हाउस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में विभिन्न हाउस के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन के दौरान मैदान में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। अंत में विजेता टीमों को सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों में अनुशासन, टीम भावना और खेल के प्रति समर्पण स्पष्ट रूप से नजर आया। सभी टीमों ने जीत हासिल करने के लिए पूरी मेहनत की, जिससे मुकाबले बेहद दिलचस्प बन गए।
विद्यालय की प्रधानाचार्या मोनिका कश्यप ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे खेल आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया। साक्षी, अंजू और राजविंदर कौर ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके प्रयासों की प्रशंसा की और भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।