यमुनानगर। सेक्टर 17 थाना में 19 नवंबर 2023 को दर्ज वेश्यावृत्ति के केस में पुलिस ने कीर्ति नगर निवासी नरेश वर्मा उर्फ काला कबाड़ी को प्रोडक्शन रिमांड पर लिया गया है। उसे प्रोडक्शन रिमांड पर लेकर तफ्तीश में शामिल किया गया। सेक्टर 17 थाना प्रभारी जसमेर गुलिया ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। उसे वीरवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
गिरोह की सदस्य नहर काॅलोनी निवासी अंजलि ने दिल्ली निवासी 26 वर्षीय युवती को नौकरी का झांसा देकर बुलवाया था। यहां पर उन्होंने उसे बंधक बनाकर रखा। इस दौरान अंजलि के पति विक्की ने युवती के साथ दुष्कर्म किया और उससे वेश्यावृत्ति भी कराई। किसी तरह आरोपियों से बचकर वह भाग निकली और सेक्टर 17 थाना में शिकायत देकर केस दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस ने तफ्तीश करते हुए इस गिरोह का पर्दाफाश किया था। इस केस में लक्ष्मी गार्डन निवासी शमशेर सिंह, नहर कालोनी निवासी अंजलि, हिमाचल प्रदेश के कालाआंब निवासी सोनू, करेहड़ा खुर्द निवासी पवन उर्फ विक्की, भमनाैली निवासी विकास, कैल निवासी संजय उर्फ मामा, चिट्टा मंदिर रोड निवासी अजय राणा उर्फ अमन, पंजेटो निवासी अभिनंदन उर्फ लक्की, इशरपुर निवासी राहुल सैनी उर्फ पव्वा व विशालनगर कालोनी निवासी रजत कुमार को गिरफ्तार कर जेल गया था। इसमें नरेश उर्फ काला कबाड़ी को भी आरोपी बनाया गया था, क्योंकि उसके पीजी में ही वेश्यावृत्ति के लिए लड़कियों काे रखा जाता था। अब पुलिस ने नरेश वर्मा उर्फ काला कबाड़ी पर शिकंजा कस दिया है। ऐसे में उसकी मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। उसे सीआईए वन टीम सेक्टर-17 थाना में दर्ज वेश्यावृत्ति के एक मामले में पूछताछ के लिए चार दिन के प्रोडक्शन रिमांड पर लिया गया है। पहले इस मामले को कुरुक्षेत्र पुलिस देख रही थी, लेकिन अब इसकी तफ्तीश यमुनानगर पुलिस करेगी।