यमुनानगर। सलेमपुर बांगर गांव में हुए भीषण गैस सिलिंडर हादसे में पांच लोगों की मौत के बाद भी ब्लैक में सिलिंडर सप्लाई करने वाला आरोपी अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर है। मामले में नया मोड़ तब आ गया जब इस केस के मुख्य गवाह ठेकेदार रामज्ञान की भी मौत हो गई, जिससे जांच और अधिक पेचीदा हो गई है।
पुलिस ने बताया कि रामज्ञान के बयान इस मामले में बेहद अहम कड़ी साबित हो सकते थे, लेकिन उनके निधन के बाद अब जांच की दिशा बदलनी पड़ी है। आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही गांव और आसपास के इलाकों में लोगों से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि ब्लैक में सिलिंडर सप्लाई करने वाले नेटवर्क का पता लगाया जा सके। हादसे में झुलसे पांच अन्य घायलों का चंडीगढ़ पीजीआई में इलाज जारी है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। प्रशासन और पुलिस पर जल्द आरोपी को पकड़ने का दबाव बढ़ता जा रहा है। जांच अधिकारी राजेंद्र कुमार का कहना है कि जल्द ही महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में दहशत और गुस्से का माहौल बना हुआ है। लोग दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।