अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि मौजूदा समय में किसान व व्यापारी सभी परेशानी के दौर से गुजर रहे हैं, इसकी दोषी सिर्फ प्रदेश की भाजपा सरकार है। हुड्डा बुधवार देर शाम बिलासपुर में ब्लॉक बिलासपुर प्रधान शिवकुमार बंसल के आवास पर पहुंचे।
इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि एक सफल सरकार को चलाने के लिए नियत, नीति और नेता होते हैं, लेकिन भाजपा सरकार के पास न तो नेता है, न ही इनकी नीतियां ठीक हैं और न ही काम करने की इनकी नियत है। इनके नेता केवल झूठी घोषणाएं करने में लगे हुए हैं और उनके पास अनुभव की कमी है।
इनमें आपसी तालमेल की कमी व सीएम को बदलने की कवायद में इन्होंने प्रदेश को आग के हवाले कर दिया और प्रदेश से भाईचारा खत्म कर दिया। इस दौरान हुड्डा के समक्ष किसानों व व्यापारियों ने अपनी समस्याएं भी रखीं। इसके पश्चात बुधवार रात भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने गांव संखेड़ा में कुलवंत सिंह के आवास पर आयोजित जनसभा को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है, तब से लेकर आज तक किसान की जितनी भी फसले मंडियों में आई सभी में किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों को किसी भी फसल का उचित भाव नहीं मिला। बेरोजगारों को बेरोजगारी भत्ता नहीं दिया गया, बुजुर्गों को दो हजार रुपये पेंशन नहीं दी गई, युवाओं को नोकरी की बात कहकर उल्टा नौकरी से निकाल दिया।
पंजाब के समान वेतनमान देने के कांग्रेस पार्टी के फैसले को बदल दिया, पेंशन के लिए सरकारी कर्मचारियों की उम्र कम कर दी गई है। प्रियदर्शनी आवास योजना को बंद कर दिया। इन सभी जनविरोधी नीतियों के कारण के आमजन को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। भाजपा की सरकार में पुलिस थानों में खाद बंटा है, किसान को पीटा गया। आज प्रदेश का हर वर्ग भाजपा को सत्ता सौंप अपने आप को ठगा-सा महसूस कर रहा है।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा एच एसजीपीसी के वरिष्ठ नेता दलजीत सिंह बाजवा के अवास पर भी पहुंचे और कई दिनों से बीमार चल रहे बाजवा का हालचाल जाना। मौके पर शिव कुमार बंसल, प्रेम बंसल, महिंद्र हडतौल, संजय आर्य, डॉ. सुभाष मोदगिल, कुलवंत सिंह, गुरदयाल सिंह चैहल मौहड़ी, बृजपाल छप्पर, बिशनलाल सैनी, धर्मपाल नंबरदार मौहड़ी, महींद्र, काशीराम, कुलदीप सैनी, शमशेर, रणधीर भवानीपुर, जगीर सिंह एडवोकेट, राजिंद्र अग्रवाल मौजूद रहे।