संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सहारनपुर रोड पर ट्रक अड्डा के पास बाइक सवार युवकों ने दिव्यांग दुकानदार से मोबाइल छीन लिया। दुकानदार अपनी ई-रिक्शा पर दुकान का सामान लेने खेड़ा मोहल्ला जा रहा था। शहर थाना पुलिस ने अज्ञात दो युवकों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
गढ़ी रोड पुराना हमीदा निवासी बलदेव राज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एक टांग से चल फिर नहीं सकता। उसकी पुराना हमीदा में किराना की दुकान है। रविवार को वह ई-रिक्शा में दुकान का सामान लेने के लिए खेड़ा मोहल्ला जा रहा था। वह सहारनपुर रोड पर ट्रक अड्डा के गुजराल ट्रांसपोर्ट के पास पहुंचा तो पीछे से बिना नंबर की बाइक पर दो युवक आए।
आरोपियों ने उसकी ई-रिक्शा के नजदीक आकर बाइक की गति कम की। जब तक वह कुछ समझ पाता बाइक पर पीछे बैठे युवक ने उसकी जेब से मोबाइल छीन लिया और मौके से भाग गए। उसने आरोपियों काे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी भागने में कामयाब हो गए। इसकी सूचना पुलिस को दी। शहर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। पुलिस ने मामले में अज्ञात दो युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।