नारायणगढ़। ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान मगलौर गांव यमुनानगर निवासी अनिल कुमार के तौर पर हुई है। मृतक के भाई अनिकेत की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अनिकेत ने बताया कि 25 नवंबर को वह और उनके ताऊ का लड़का अनिल कुमार नारायणगढ़ में एक दोस्त की शादी में आए थे।
शादी समारोह के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वह दोनों अपनी-अपनी बाइक पर गांव के लिए चले थे। इस दौरान जब वह नारायणगढ-पहाडीपुर रोड पर गधौली गांव के पास पहुंचे तो सामने से आए ट्रैक्टर-ट्राॅली चालक ने अनिल कुमार की बाइक को टक्कर मार दी। इस कारण अनिल कुमार बाइक सहित काफी दूर जा गिरा। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्राॅली सहित मौके से भगा गया। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस की मदद से अनिल कुमार को नागरिक अस्पताल ले जाया गया, यहां डाॅक्टर ने जांच के बाद अनिल को मृत घोषित कर दिया।
शराब पीने से इंकार करने पर बेकरी व्यवसायी को चाकू मारकर किया घायल
यमुनानगर। बेकरी व्यापारी की पड़ोस के दो सगे भाइयों सहित तीन लोगों ने पिटाई कर दी। घटना जगाधरी-व्यासपुर रोड पर जेल चौक के पास मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे हुई। आरोप है कि शराब पीने से इंकार करने पर व्यापारी को खेतों में ले जाकर पीटा गया और चाकू के वार से जख्मी कर मोबाइल व 12 हजार रुपये लूट लिए गए। थाना शहर जगाधरी पुलिस ने तहरीर के आधार पर दो सगे भाइयों सहित तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली।
पुलिस को दी तहरीर में प्रवीन ने बताया कि उसका बेकरी के सामान का कारोबार है। वह मंगलवार की शाम बेकरी के सामान की आपूर्ति कर व्यासपुर रोड से लौट रहा था। इस दौरान जगाधरी के जेल चौक के पास शाम करीब साढ़े छह बजे उनका पड़ोस के दो सगे भाई अंकित व अमित बैठे थे। इन लोगों ने उसे रोक लिया और शराब पीने के लिए बुलाया। अंकित को कह दिया कि वह शराब नहीं पीएगा। आरोप है कि इसी बात पर अंकित ने तैश में आकर गाली-गलौज करने लगा। अंकित के साथ उसका भाई अमित व मनी नाम का शख्स था। प्रवीन के मुताबिक इन तीनों लोगों ने उनकी थप्पड़, लाते-मुक्के मार पिटाई की। इस दौरान अंकित ने चाकू से पेट, छाती, कमर व बाजू पर वार किए। इन लोगों से बचने के लिए खेतों में भागा, पर वहां भी इन लोगों ने पकड़ कर जमीन पर लिटाकर पिटाई की। आरोप है कि यहां उनकी टी-शर्ट फाड़ जेब से 12 हजार रुपये नकदी व मोबाइल फोन लूट लिए गए। हमलावरों ने जान से मारने की धमकी भी दी। उनके चंगुल से किसी तरह बचकर सड़क पर पहुंचने पर राहगीर की मदद से घर पर फोन कर पत्नी व भतीजे को बुलाया, जो उसे अस्पताल लेकर गए। जांच अधिकारी एसआई तरसेम कुमार ने कहा कि तहरीर के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।