सड़कों पर तेज रफ्तार व लापरवाही का कहर जारी है। रोजाना सड़कों पर लोग हादसे का शिकार हो रहे है। तेज रफ्तार व लापरवाही का कहर नेशनल हाइवे 344 व सहारनपुर कुरुक्षेत्र स्टेट हाइवे पर देखने को मिला। नेशनल हाइवे 344 के भंभौली अड्डे पर सड़क क्रॉस कर रहे बाइक सवार को 12 टायरी ट्रॉले ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद ट्रॉला चालक करीब सौ मीटर तक बाइक सवार को घसीटता हुआ ले गया। इसके बाद उसे कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सहारनपुर कुरुक्षेत्र स्टेट हाइवे पर कैंप के नजदीक अज्ञात वाहन ने फैक्टरी के सर्विस मैन को टक्कर मार दी। हादसे में घायल सर्विस मैन की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी वाहन चालकों पर केस दर्जकर दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
भंभौल निवासी सिया राम ने बताया कि वह मिल्क माजरा में जन स्वास्थ्य विभाग के ट्यूबवेल पर ऑपरेटर का काम करता है। देर शाम को उसका भाई ज्ञान चंद भम्भोली अड्डा स्थित शटरिंग की दुकान पर काम से आया था। रात करीब सवा आठ से दुकानदार से बातचीत करके वे वापस घर लौट रहे थे। उसका भाई ज्ञान चन्द बाइक पर था। नेशनल हाइवे 344 पर जब उसका भाई भंभौली कट से नेशनल हाइवे पार करने लगा तो जगाधरी की तरफ से तेज रफ्तार आ रहे 12 टायरी ट्रॉले ने उसके भाई की बाइक को जोर दार टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद उसका भाई बाइक समेत सड़क पर गिर गया। ट्रॉला चालक उसके भाई को बाइक समेत करीब सौ मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। बाद में बाइक टायर के नीचे फंसी, जिससे ट्रॉला रूका। लेकिन तब तक उसके भाई को ट्रॉले ने कुचल दिया था। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लिया और उसका पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामले में आरोपी ट्रॉला चालक यूपी के बिजनौर जिले के गांव हुसैनबाद निवासी मोहम्मद सुहेल पर केस दर्जकर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
दूसरी ओर जम्मू कॉलोनी निवासी राहुल जैसवाल ने बताया कि वह तिलक राज चड्डा इंस्टीट्यूट में बीसीए द्वितीय वर्ष कक्षा में पढ़ता है। वे तीन भाई बहन हैं। उसके पिता अम्बिका प्रसाद प्लाइवुड फैक्टरी में सर्विस मैन के पद पर नौकरी करते थे। हर रोज की तरह बीते रविवार की सुबह करीब नौ बजे अपने काम पर चले गए थे। दोपहर को करीब डेढ़ बजे उसके पिता अपने काम से पैदल पैदल घर लंच करने आ रहे थे। जब वह रादौर रोड पर जोनी मोनी आयरन स्टोर के पास पहुंचे तो पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उसके पिता को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर लगने से उसके पिता नीचे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपी वाहन चालक मौका पाकर वाहन समेत फरार हो गया। हादसे के बाद लोगों की सड़क पर भीड़ लग गई। राहगीरों ने उसके पिता को उठाया और इलाज के लिए गाबा अस्पताल में दाखिल करवा दिया। जहां पर इलाज के दौरान मंगलवार रात उसके पिता की मौत हो गई। मृतक अम्बिका प्रसाद के पास दो लड़के है और एक लड़की। दोनों बेटे व बेटी जवान हो चुके है। अभी सभी अविवाहित है। अकेले अम्बिका प्रसाद अपने बच्चों की पढ़ाई व घर का खर्च चला रहे थे। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उनकी मौत की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली, उनका रो रोकर बुरा है।
भंभोली के पास हुए हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम करवा दिया है। मामले में ट्रॉला चालक पर केस दर्जकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे बेल मिल गई।
- एसआई सुभाष चंद, जांच अधिकारी, थाना छप्पर।