संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जठलाना थाना क्षेत्र के संधाला गांव के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने रास्ता पूछने के बहाने कार चालक को रोक लिया। बदमाशों ने कार चालक से सोने की छीन ली और बाइक पर सवार होकर भाग गए। जठलाना थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में जिला करनाल के गांव मखाला निवासी दीवान सिंह ने बताया कि वह 28 अगस्त को शाम करीब साढ़े चार बजे अपनी कार से जा रहा था। इसी दौरान संधाला गांव के पास बाइक पर सवार दो युवकों उसे रोक लिया। दोनों युवकों ने उससे किसी स्थान का पता पूछना शुरू कर दिया। वह बाइक सवार युवकों को रास्ता बताने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने मौका पाकर उसके गले से सोने की चेन झपट ली।
अचानक हुई वारदात से वह कुछ समझ पाता कि दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर वहां से भागने लगे। वारदात के बाद उन्होंने आरोपियों का पीछा करने का प्रयास किया। उसने उन्हें पकड़ने के लिए काफी दूर तक पीछा किया, लेकिन दोनों आरोपी तेज गति से बाइक दौड़ाकर भाग गए। इसके बाद उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच की।
पुलिस घटनाक्रम और आरोपियों के हुलिये के आधार पर पुलिस उनकी पहचान करने का प्रयास कर रही है। आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस प्रवक्ता चमकौर सिंह ने बताया कि जठलाना थाना पुलिस ने बाइक सवार बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उनकी पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।