संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। थाना सदर जगाधरी क्षेत्र के गांव महलांवाली में देर रात गैस लीक होने से रसोई में अचानक आग लग गई। हादसे में 30 वर्षीय रवि कुमार गंभीर रूप से झुलस गया। गनीमत रही कि घर में मौजूद उसके माता-पिता, पत्नी और छोटे बच्चे समेत परिवार के अन्य सदस्य बाल-बाल बच गए। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए परिजन उसे मोहाली के निजी अस्पताल में ले गए हैं।
पुलिस को दिए बयान में गांव महलांवाली निवासी जावला दास ने बताया कि उसका बेटा रवि कुमार बुधवार रात अपने दोस्त के साथ एयरपोर्ट गया था। वहां से लौटने में उसे देरी हो गई। रात करीब साढ़े 12 बजे वह घर पहुंचा। उस समय परिवार के अन्य सदस्य खाना खाकर सो चुके थे। घर लौटने के बाद रवि भोजन गर्म करने के लिए रसोई में गया।
उसने गैस चलाने के लिए जैसे ही लाइटर जलाया, अचानक तेज आग भड़क उठी। आग की चपेट में आने से रवि बुरी तरह झुलस गया। अंदेशा जताया जा रहा है कि सिलिंडर से गैस लीक हुई थी और रसोई में गैस एकत्रित हो गई थी। लाइटर की चिंगारी मिलते ही जमा गैस ने आग पकड़ ली।
आग लगने के बाद रवि ने शोर मचाया। आवाज सुनकर परिवार के सदस्य जाग गए और रसोई की ओर पहुंचे। परिजनों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। इसके बाद झुलसे रवि को तुरंत उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया गया। निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद परिजन रवि को बेहतर उपचार के लिए मोहाली के निजी अस्पताल लेकर गए।
वहां चिकित्सकों ने उसकी हालत का जायजा लेने के बाद सर्जरी की तैयारी की है। परिवार के अन्य सदस्य हादसे में सुरक्षित हैं। थाना सदर जगाधरी के एसएचओ जसविंद्र सिंह ने बताया कि गैस लीक होने के कारण यह हादसा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।