संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। यूजीसी के नियम के समर्थन में शनिवार को भीम आर्मी संगठन ने जिला सचिवालय पर प्रदर्शन किया। संगठन के सदस्य पहले अनाज मंडी, जगाधरी में एकत्रित हुए और नारेबाजी करते हुए जिला सचिवालय पहुंचे।
प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम जगाधरी विश्वनाथ को राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और हरियाणा के मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष प्रदीप गौतम ने कहा कि यूजीसी कानून लागू होने से कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में जाति के नाम पर होने वाले भेदभाव पर रोक लगेगी। यह कानून समानता और सामाजिक न्याय को मजबूत करेगा। इससे किसी वर्ग का नुकसान नहीं होगा, बल्कि शिक्षा संस्थानों में पारदर्शिता और समान अवसर सुनिश्चित होंगे।
आरोप लगाया कि जो लोग इस कानून का विरोध कर रहे हैं, वे समाज में जातिवाद और भेदभाव को बनाए रखना चाहते हैं। भीम आर्मी समानता आधारित समाज की पक्षधर है और इसी उद्देश्य से संगठन यूजीसी कानून का समर्थन कर रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि कानून को सख्ती और प्रभावी तरीके से लागू किया जाए।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश और देश में अनुसूचित जाति के लोगों पर अत्याचार की घटनाएं बढ़ रही हैं। सामाजिक सुधार की दिशा में उठाए गए कदमों में कुछ दबंग तत्व बाधा डालने का प्रयास करते हैं, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि जरूरत पड़ी तो आगे भी आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे। एसडीएम ने ज्ञापन प्राप्त कर इसे संबंधित उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
एसडीएम को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपते भीम आर्मी के पदाधिकारी। संवाद