संवाद न्यूज एजेंसी
सरस्वती नगर। भारतीय किसान यूनियन चढूनी के जिलाध्यक्ष संजू गुदियाना ने मंगलवार को पदाधिकारियों व सदस्यों की बैठक ली। यह बैठक मुस्तफाबाद रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर की गई। बैठक में भाकियू सदस्यों सहित, यात्रियों व ग्रामीणों ने भाग लिया।
बैठक में फैसला लिया गया कि लंबे समय से मुस्तफाबाद रेलवे स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेनों के ठहराव की मांग कर रहे हैं। इसे लेकर कुछ दिन पहले नई दिल्ली में उत्तर रेलवे महाप्रबंधक से भारतीय किसान यूनियन के प्रतिनिधिमंडल की बैठक हुई थी। जिसमें महाप्रबंधक ने कहा था कि उनकी तरफ से ट्रेन ठहराव का पत्र रेल मंत्रालय को भेज दिया गया है। अभी प्रदेश में चुनाव है, जिस कारण समय लग सकता है। वे पत्र की कॉपी भाकियू को भेज देंगे।
परंतु 15 दिन बाद भी रेलवे ने पत्र की कॉपी उन्हें नहीं दी है। जिससे किसानों, ग्रामीणों व यात्रियों में भारी रोष है। उन्होंने कहा कि वे घर-घर जाकर सरकार की दोहरी नीतियों की पोल खोलेंगे। वहीं, आचार संहिता हटाने के तुरंत बाद मुस्तफाबाद रेलवे स्टेशन पर ट्रैक जाम किया जाएगा। बैठक में गांव गुंदियांना, ऊंचाचंदना, दौलतपुर, फरीदपुर, रापौली, कबूलपुर, मालीमाजरा, हंगेली सहित आसपास के तमाम गांवों लोगों, किसानों व यात्रियों ने भाग लिया।