यमुनानगर। नगर निगम आयुक्त आयुष सिन्हा ने बुधवार को नगर-निगम अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने शहर में बने कचरा प्वाइंट खत्म करने के लिए कचरा प्वाइंट की जगह पर गमले व बेंच रखने, यहां कचरा डालना मना है के बैनर लगाने का निर्णय लिया। इसके अलावा स्वच्छ सर्वेक्षण के लिए सार्वजनिक स्थानों पर वाॅल पेंटिंग के जरिए भी लोगों को स्वच्छता के लिए जागरूक करने का संदेश देने का फैसला लिया। इस दौरान उन्होंने नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी व रादौर व साढौरा की नगर पालिका को स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में बेहतर रैंकिंग दिलाने के लिए अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में बेहतर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 के लिए जारी टूलकिट के हर पहलू पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि इस बार स्वच्छ सर्वेक्षण रिड्यूस, रियूज व रिसाइकल पर हो रहा है। इस पर अधिक कार्य करना है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में 12500 अंकों में सबसे ज्यादा अंक लाने का प्रयास करना है। ये अंक शहर की सफाई, कचरे को अलग-अलग करके एकत्रित करने और उसके सही तरीके से निपटान करने, ठोस कचरा प्रबंधन, स्वच्छता के प्रति जागरूकता, प्रयुक्त जल प्रबंधन, मल निकासी का मशीनीकरण, सिटीजन फीडबैक, सफाई कर्मियों की वर्दी-जूते व अन्य व्यवस्थाओं पर ध्यान, जल निकासी व अन्य मुद्दों पर दिए जाएंगे। इसके अलावा व्यावसायिक क्षेत्रों में सूखा-गीला कचरा अलग-अलग डालने के लिए दो डस्टबिन रखे जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सफाई शाखा के अफसर टूलकिट में दिए हर बिंदु पर काम करें। सभी अब पूरी तरह सतर्क रहें। अपने-अपने क्षेत्रों की सभी कॉलोनियों का दौरा करें। जहां गंदगी है, उसे साफ कराएं। अभियंता शाखा जहां भी सीएंडडी वेस्ट पड़ा है, उसका तुरंत उठान कराना सुनिश्चित करें। किसी भी स्थान पर कचरा न रहने दें। यमुनानगर व जगाधरी दोनों जोन में कचरा प्वाइंट को खत्म करने के लिए वहां अच्छी तरह सफाई कराकर बैंच रखें। साथ ही उसके आसपास गमले लगाए। इसके अलावा यहां कचरा फेंकना मना है, लिखे बैनर लगाएं। जो व्यक्ति खुले में कचरा फेंकता है, उस पर जुर्माना लगाएं। मुख्य मार्गाें, शहर में सीमाओं, सार्वजनिक स्थानों, चौक, पार्कों की दीवारों पर स्वच्छ सर्वेक्षण में नगर निगम का सहयोग देने संबंधित स्लोगन व वाल पेंटिंग कराएं। रोड स्वीपिंग, नाइट स्वीपिंग व डोर टू डोर कचरा उठान में तीव्रता लाएं। सार्वजनिक व सामुदायिक शौचालयों की सफाई व रखरखाव पर ध्यान दें। डोर टू डोर कचरा उठान करने वाले वाहनों पर बायोमेडिकल वेस्ट व इलेक्ट्रॉनिक वेस्ट के लिए अलग-अलग बैग भी लगाएं। कचरे में आग लगाने वालों, सिंगल यूज प्लास्टिक बेचने वालों व खुले में सीवर टैंक खाली करने वालों, खुले में कचरा फेंकने वालों के चालान कर जुर्माना लगाएं। मौके पर एएमसी डाॅ. विजय पाल यादव, एक्सईएन विकास धीमान, एमई दीपक सुखीजा, सीएसआई हरजीत सिंह, सफाई निरीक्षक अमित कांबोज, गोविंद शर्मा, आईईसी एक्सपर्ट, शशि मौजूद रहे।
-