संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। फार्मा कंपनी में डायरेक्टर बनकर चचेरे भाइयों ने कंपनी के साथ फर्जीवाड़ा किया है। कंपनी के खाते से करीब सात लाख रुपये का गबन कर लिया किया। कंपनी के मालिक ने एसपी को शिकायत देकर केस दर्ज कराया है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
फार्मा कंपनी के डायरेक्टर नरेंद्र सिंह निवासी गांव जोगीवाड़ा ने एसपी को दी शिकायत में डायरेक्टर नरेंद्र सिंह ने बताया कि उसकी बिलासपुर में साढौरा रोड पर फार्मा की कंपनी है। उन्होंने यह कंपनी वर्ष 2021 में शुरू की थी। नरेंद्र सिंह का कहना है कि शुरू में तो कंपनी ठीक चली। लेकिन, बाद में घाटे की वजह से उक्त दोनों पार्टनर कंपनी से निकल गए।
मार्च 2022 में आरोपी विकास फिर से उसके साथ काम करने लगा। आरोप है कि इस दौरान विकास ने कंपनी के डायरेक्टर के फर्जी हस्ताक्षर कर स्वयं को कंपनी का डायरेक्टर बना लिया। उसने अपना हिस्सा 50 प्रतिशत दिखाया। जबकि, विकास का कंपनी में दस प्रतिशत हिस्सा था। इस बाबत उनके परिवार में बातचीत होने पर समझौता हो गया।
कंपनी के डायरेक्टर का आरोप है कि कंपनी को नुकसान पहुंचाने की नियत से विकास ने अपने मोबाइल नंबर को कंपनी के अकाउंट में चल रही नेट बैंकिंग में अपडेट करवा लिया। इस दौरान विकास के भाई को इसी कंपनी में भागीदार बना लिया गया। दिसंबर 2023 में डायरेक्टर के नोटिस में आया कि विकास ने भाई के अकाउंट में करीब साढ़े पांच लाख रुपए भेज दिए।
इसके बाद विकास व उसके भाई ने दो लाख रुपए किसी सौरभ के नाम पर ट्रांसफर कर दिए। आरोप है कि विकास हर महीने अपनी पत्नी के खाते में भी 35 हजार रुपये भेजता रहा। आरोप है कि दोनों भाइयों ने कंपनी का सात लाख रुपए का नुकसान पहुंचाया है। इस बारे में आरोपियों से हिसाब किताब मांगने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।