संवाद न्यूज एजेंसी
सरस्वतीनगर (यमुनानगर)। छप्पर थाना क्षेत्र के हाफिजपुर गांव में ट्रांसफार्मर रखने के लिए गए बिजली कर्मियों के साथ दो व्यक्तियों ने मारपीट की और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई। आरोप हाफिजपुर गांव के ही दीदार सिंह व बलदेव सिंह पर लगा है। छप्पर थाना पुलिस ने उत्तरी एसडीओ मनीष शर्मा की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
शिकायत में एसडीओ मनीष शर्मा ने बताया कि 13 सितंबर को निगम के जेई जगमोहन सिंह व लाइनमैन सोमपाल हाफिजपुर गांव में ट्रांसफार्मर रखवाने के लिए टीम के साथ गए थे। यह ट्रांसफार्मर गुरुद्वारा के पास उचित जगह पर रखा गया था। जब ट्रांसफार्मर रखा जा रहा था तो वहां पर गांव के ही दीवार सिंह व बलदेव सिंह पहुंच गए।
आरोप है कि दोनों आरोपियों ने उनके कर्मचारियों के साथ गाली गलौज व मारपीट की। जबकि ट्रांसफार्मर बिल्कुल सही जगह पर रखा जा रहा था। बिजली निगम के स्टाफ के साथ मारपीट व अभद्रता करने के साथ आरोपियों ने उनके सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई। इस शिकायत पर छप्पर थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।