संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। डिजिटल क्रांति के इस युग साइबर ठगी के मामले बढ़ते जा रहे हैं। साइबर ठगी से बचने के लिए लोगों को जागरूकर रहने की जरूरत है। यह कहना है एसपी राजीव देसवाल का।
एसपी देसवाल ने विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि हमारा ज्यादातर काम ऑनलाइन हो गया है या फिर हम अपने मनोरंजन के लिए इंटरनेट यूज करते रहते हैं। शॉपिंग से लेकर बिल भरने तक बैंक से जुड़े भी कई काम करने में हम ऑनलाइन मोबाइल लैपटाॅप या अन्य डिवाइस का प्रयोग करते हैं। कई बार जालसाज आपके इन उपकरणों को विभिन्न तरीकों से हैक करके आपका डाटा चुरा कर साइबर क्राइम को अंजाम देते हैं।
आजकल साइबर अपराधी अपराध करने के नए नए तरीके अपना रहे है। अब साइबर अपराधी लोगों से ठगी के लिए सार्वजनिक स्थानों पर ब्ल्यूटुथ को हथियार बना रहे हैं। पुलिस द्वारा समय-समय पर साइबर अपराध से बचने के लिए एडवाइजरी जारी की जाती है ताकि आमजन सतर्क व सचेत रहकर अपने पैसे की सुरक्षा कर सके ।
उन्होंने बताया कि अपराधों से बचने के लिए सार्वजनिक स्थानों पर ब्ल्यूट्रूथ इस्तेमाल करते समय ध्यान रखे कि किसी अंजान डिवाइस से आने वाली ब्लूटुथ कनेक्ट रिक्वेस्ट स्वीकार न करें। साथ ही फ्री वाईफाई के लालच में आकर अपनी गोपनीय जानकारी साझा न होने दें। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अगर सावधानी या सतर्कता रखने के बावजूद भी आपके साथ किसी प्रकार का साइबर फ्रॉड हो जाता है तो घबराएं नहीं। साइबर अपराध हेल्पलाइन की मदद लें।