संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। साइबर अपराधी हर दिन नए-नए तरीके अपना रहे हैं। वहीं जिला पुलिस ने साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए एडवाजरी जारी की है। एसपी सुरेंद्र सिंह भौरिया ने अपील करते हुए कहा कि साइबर अपराधों से बचने के लिए जागरूकता व सतर्कता ही सबसे बड़ा हथियार है।
उन्होंने कहा कि लोगों को साइबर अपराधों से बचने के लिए सचेत रहना होगा। उन्होंने कहा कि मोबाइल पर पहचान वाले या अनजान व्यक्ति के द्वारा भेजे गए पैसे भेजने के मैसेज के बारे में पूरी जांच पड़ताल करें, अगर कोई अपरिचित व्यक्ति किसी एप्लीकेशन को डाउनलोड करने के लिए कहता है तो एप्लीकेशन डाउनलोड न करें।
इसके अलावा किसी भी व्यक्ति के साथ अपने बैंक डिटेल, एटीएम कार्ड नम्बर, कार्ड की एक्सपायरी एवं कार्ड पर पीछे लिखे तीन डिजिट के सीवीवी नंबर को किसी के साथ शेयर न करें तथा किसी अपरिचित नंबर से आए किसी भी मैसेज, व्हाट्सएप मैसेज, लिंक या फोटो पर क्लिक न करें।
इसी प्रकार नेटवर्क को 5-जी नेटवर्क में शिफ्ट करवाने के नाम पर धोखाधडी करने वाले से सुरक्षित रहें। साइबर ठग अधिकारियों और प्रभावशाली लोगों की फोटो को सोशल मीडिया जैसे व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम पर डीपी के रूप में प्रयोग कर धोखाधडी कर रहे हैं, सावधान रहें।