बिलासपुर। कपालमोचन मेले में आई जगाधरी के विशाल नगर कॉलोनी निवासी गीता का 50 से 60 हजार रुपये से भरा बैग चोरी हो गया। चोरी के समय महिला स्नान करने सरोवर में गई थी। पुलिस ने अज्ञात पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जगाधरी की विशाल नगर कॉलोनी निवासी गीता ने बताया कि वीरवार को वह कपालमोचन मेले में गई थी। मेले में भीड़ थी। उसने अपना बैग व अन्य सामान सरोवर के बाहर एक स्थान पर रखा और स्नान करने के लिए चली गई। स्नान करने के बाद जब वह वापस आई तो उसका बैग गायब था। बैग में करीब 50-60 हजार रुपये थे। जबकि बाकी सामान वहीं पर रखा हुआ था। उसने आसपास के लोगों से बैग में बारे में पूछताछ की लेकिन किसी ने कुछ नहीं बताया। उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी। बिलासपुर थाना पुलिस ने अज्ञात पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कपाल मोचन मेले में आए दो श्रद्धालुओं की बाइक चोरी
बिलासपुर। कपालमोचन मेले में दो लोगों की बाइक चोरी हो गई। पटियाला की इंदिरा कॉलोनी निवासी मक्खन सिंह ने बताया कि वीरवार को वह कपालमोचन मेले में स्नान करने आया था। उसने बाइक गुरु रविदास मंदिर के पास खड़ी की थी। जब वह स्नान करके लौटा तो उसकी बाइक वहां मौजूद नहीं थी। इसी तरह मुकारबपुर निवासी हरजिंद्र सिंह ने बताया कि वह 13 नवंबर को कपालमोचन मेले में आया था। रात आठ बजे उसकी बाइक मेले परिसर से चोरी हो गई। संवाद