संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग अग्रवाल ने वीसी से जिला निर्वाचन अधिकारियों को फोटोयुक्त मतदाता सूची के द्वितीय विशेष संक्षिप्त संशोधन कार्यक्रम के बारे में दिशा-निर्देश दिए। साथ ही कम वोटिंग वाले बूथों पर जागरूकता अभियान चलाने के लिए कहा।
डीसी कैप्टन मनोज कुमार ने वीसी के बाद जिला अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग ने एक जुलाई 2024 को अर्हता तिथि मानते हुए फोटोयुक्त मतदाता सूची का द्वितीय विशेष संक्षिप्त संशोधन का कार्यक्रम जारी किया है। कार्यक्रम अनुसार 25 जून 2024 से बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन कार्य शुरू कर दिया गया है।
इस बार नई पहल शुरू करते हुए परिवार पहचान पत्र के डाटा को बूथ स्तर के डाटा से मिलान किया जाएग। नगर निगम से जारी मृत्यु प्रमाण पत्र की सूची को बीएलओ को सौंपा जाएगा, ताकि मृत लोगों के वोट वोटर लिस्ट से हटाए जा सके। डीसी ने ऐसे पोलिंग स्टेशनों की लिस्ट बनाने को कहा, जहां पर पिछली बार वोटिंग कम हुई थी। ऐसे स्टेशन पर जागरूकता अभियान चलाकर वोटिंग प्रतिशत बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे।
डीसी ने नागरिकों से आह्वान किया कि इस अभियान के तहत बीएलओ का सहयोग करते हुए सही जानकारी उपलब्ध कराएं। विशेष अभियान चलाकर 27 व 28 जुलाई तथा तीन व चार अगस्त को पोलिंग स्टेशन पर नए वोट बनवाने का कार्य किया जाएगा। इस दौरान संबंधित बीएलओ पोलिंग स्टेशन पर नए वोट बनाने के लिए फार्म नंबर-6 भरवाने का कार्य करेंगे।
पात्र व्यक्तियों को भारत निर्वाचन आयोग की ओर से वोट बनवाने का अवसर दिया जा रहा है, जिसके तहत एक जुलाई को क्वालिफाइंग तिथि मानकर 24 जुलाई तक सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ द्वारा नई वोट बनाने का कार्य किया जाएगा। 25 जुलाई को मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशन किया जाएगा तथा 25 जुलाई से नौ अगस्त तक दावे व आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। 19 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियों का निपटारा करने उपरांत 20 अगस्त को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया जाएगा।