संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में बेहतर रैंक के लिए वीरवार को नगर निगम ने वार्ड 12 के पांसरा में डोर टू डोर जागरूकता अभियान चलाया। निगम आयुक्त आयुष सिन्हा के निर्देशों पर निगम की टीम ने घर-घर जाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। साथ ही सूखा व गीला कचरा अलग-अलग करके निगम के वाहनों में डालने के लिए प्रेरित किया।
नगर निगम की स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर रोजाना विभिन्न गतिविधियां कर शहरवासियों को जागरूक किया जा रहा है। इसी के तहत निगम टीम की कविता, बबीता, सफिया आदि ने पांसरा गांव में डोर-टू-डोर जाकर लोगों को स्वच्छता का पाठ पढ़ाया। उन्होंने हर घर में जाकर लोगों को गीला और सूखा कचरा अलग-अलग करके निगम की गाड़ियों में डालने, बाजार से सामान लाने के लिए घर से थैला लेकर जाने, सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने और खुले में कचरा न गिराने के प्रति जागरूक किया।
अतिरिक्त निगम आयुक्त डॉ. विजय पाल यादव ने कहा कि जिस प्रकार महिलाएं अपने घर को साफ और सुंदर रखती है, उसी प्रकार महिलाएं अपने शहर को साफ सुंदर बनाने में सहयोग दें। महिला घर के पुराने कपड़ों के थैले बनाए, इन थैलों को बाजार से सामान लाने में इस्तेमाल करें।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में बीते कई साल से इंदौर प्रथम आ रहा है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि यदि नगर निगम क्षेत्र में कहीं भी गंदगी दिखाई दे तो उसकी स्वच्छ सिटी एप पर शिकायत करें। शहरवासियों के योगदान से ही शहर सुंदर, साफ व स्वच्छ बनेगा और हम स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर रैंक पर आएंगे।