यमुनानगर। शहर की एक कॉलोनी में 14 वर्षीय किशोरी को होटल में ले जाकर दुष्कर्म का प्रयास करने का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता के पिता ने बताया कि उसकी 14 वर्षीय बेटी की बाबर नामक युवक के साथ दोस्ती थी। 20 जनवरी को दोपहर करीब दो बजे आरोपी युवक किशोरी को बाइक पर बिठाकर शहर की सब्जी मंडी के पास स्थित एक होटल में ले गया। आरोप है कि होटल में आरोपी ने नाबालिग के साथ गलत काम करने का प्रयास किया। पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाया, जिस पर आरोपी उसे वहीं छोड़कर भाग गया। किशोरी शाम करीब पांच बजे घर पहुंची और परिजनों को आपबीती बताई, इसके बाद परिजनों ने तुरंत शहर यमुनानगर थाना में शिकायत दर्ज कराई। मामले की जांच कर रही सब इंस्पेक्टर बलजीत कौर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।