जेठानी के घर जा रही महिला को कार सवार तीन युवकों ने हुडा सेक्टर-17 से अगवा कर लिया। कुछ दूर पहुंचने पर कार की धीमी गति देख महिला कूद गई और शोर मचाया।
लोगों को इकट्ठे होते देख युवक फरार हो गए। महिला ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने महिला की शिकायत पर एक युवक को नामजद करते हुए दो अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। हुडा चौकी पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-17 निवासी महिला ने बताया कि बुधवार को देर शाम करीब आठ बजे वह कार से अपनी जेठानी के घर जा रही थी।
इस दौरान जगाधरी की कॉलोनी निवासी लवली ने अपनी कार उसकी कार के सामने अड़ा दी। इससे पहले की वह कुछ समझ पाती लवली ने उसे जबरन अपनी कार में बैठा लिया।
इस दौरान दो अन्य युवक भी कार में सवार हो गए। युवकों ने उसे बात न मानने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने बताया कि युवक उसे बुड़िया की ओर ले जा रहे थे।
जैसे ही बुड़िया चौक के पास पहुंचे तो कार के सामने ट्रक आ गया। जिस कारण कार धीमी करनी पड़ी। इस बीच मौका पाकर वह कार से कूद गई।
महिला ने आरोप लगाया कि युवकों ने उससे छेड़छाड़ की। महिला ने पुलिस को शिकायत में बताया कि लवली उसका करीब एक माह से उसका पीछा कर रहा था। लेकिन वह इसे नज़र अंदाज करती रही। पुलिस ने महिला की शिकायत पर लवली को नामजद करते हुए दो अन्यों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।