छछरौली। रंजिश के चलते रामपुर खादर गांव में कुछ लोगों ने एक घर में घुसकर परिवार पर हमला कर दिया। इस हमले में परिवार के छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामले की जांच के बाद सात आरोपियों को नामजद करते हुए 12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में रामपुर खादर के रोहित ने बताया कि उनके गांव का ही काला उससे और उसके परिवार के सदस्यों से चुनावी रंजिश रखता है। रोहित ने बताया कि 13 नवंबर को रात आठ बजे वह सतीश कुमार के घर पर मौजूद थे। इस दौरान आरोपी काला अपने साथियों करण, अर्जुन, सुनील, राजीव, सागर, पंजेटों निवासी अंशुल और दर्जन भर अन्य लोगों के साथ हाथों में डंडे व रॉड लेकर उनके मामा के घर में घुस गया। आरोपियों ने आते ही उस पर और उसके परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। इस हमले में वह, उसका भाई मिंटू, चचेरा भाई सतविंद्र, माना मेनपाल, मामी रजनी, पम्मी घायल हो गए। मारपीट की आवाज सुनकर जब अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो उन्होंने घटना की सूचना डायल 112 को दी। पुलिस की गाड़ी की आवाज सुनकर आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।