शहर में न तो एटीएम सुरक्षित है और न ही रुपये। बिना सुरक्षा गार्ड के चल रहे अधिकतर एटीएम रामभरोसे है। एटीएम फ्रॉड के कई मामले शहर में हो चुके हैं। अब बदमाशों द्वारा हाईटेक तरीके से एटीएम को हैक करके चोरी करने का मामला भी सामने आया है। बदमाशों ने न तो एटीएम को तोड़ा और न ही लॉक को। अनोखे ढंग से बदमाश सहारनपुर कुरुक्षेत्र स्टेट हाईवे पर जोडियो नाका स्थित प्रेम धर्मकांटा के पास लगे इंडसइंड बैंक के एटीएम का सॉफ्टवेयर हैक कर एक लाख 58 हजार रुपये निकाल लिए गए। इसका पता उस समय लगा, जब ट्रांजेक्शन के रिकॉर्ड में यह पैसा नहीं आया। एटीएम को ऑपरेट करने वाली हिटाची पेमेंट सर्विसिज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के इंजीनियरों ने जब जांच की तो एटीएम के सीसीटीवी की डीवीआर भी खराब मिली। साथ ही मशीन से पैसा गायब मिला। फिलहाल पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
1.58 लाख की ट्रांजेक्शन शो न होने हुआ मामले का खुलासा : नई दिल्ली की साकेत मार्केट स्थित हिताची पेमेंट सर्विसिज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि धीरेंद्र यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कंपनी के पास विभिन्न बैंकों के एटीएम लगाने का ठेका है। इसके तहत ही कंपनी ने जोडियो में इंडसइंड बैंक का एटीएम लगाया था। इस कंपनी पर ही एटीएम की देखरेख का जिम्मा है। गत 22 जनवरी को कंपनी के पास एटीएम में कैश डालने वाली एजेंसी का ईमेल आया, जिसमें कहा गया था कि मशीन से एक लाख 58 हजार रुपये के ट्रांजेक्शन का पता नहीं लग रहा है। अन्य सभी ट्रांजेक्शन हैं, लेकिन एक लाख 58 हजार रुपये की ट्रांजेक्शन शो नहीं हो रही है। कंपनी के प्रतिनिधि धीरेंद्र यादव ने बताया कि इस पर इंजीनियर को भेजकर जांच कराई गई। जिसमें पता लगा कि एटीएम की डीवीआर खराब की गई है। मशीन को कही से भी तोड़ा नहीं गया। किसी सॉफ्टवेयर के जरिए एटीएम हैक कर यह पैसा निकाला गया है। इसमें किसी कंपनी के कर्मचारी का भी हाथ हो सकता है। कंपनी ने अपने स्तर से पता लगाने की कोशिश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।