यमुनानगर। एटीएम से सेकेंडों में कैश निकालने की सुविधा से ग्राहकों ने इस कार्य के लिए बैंक जाना बंद कर दिया है। लोगों को अब इसकी आदत सी हो गई है। लेकिन, बैंक प्रशासन इस जरूरी सुविधा को लेकर गंभीर नहीं हैं। आए-दिन एटीएम खराब होने से लोगों को पैसे निकालने के लिए लंबी दौड़ लगानी पड़ती है। शहर के एटीएम किस हालत में हैं, इसका जमीनी हकीकत अमर उजाला ने देखी।
रेलवे स्टेशन के एटीएम में तीन दिन से कैश नहीं
रेलवे स्टेशन स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम में पिछले तीन दिन से कैश नहीं है। रेलवे स्टेशन के दुकानदार सुनील, राजकुमार ने बताया कि इस एटीएम में पिछले तीन दिनों से कैश नहीं डाला गया। स्टेशन के बाहर लगे इस एटीएम से रेलवे यात्री भी पैसे निकालने आते हैं। दिन भर सैकड़ों लोग एटीएम में आते हैं और खाली हाथ लौट जाते हैं।
22 दिन से बंद है शटर-
कन्हैया चौक के पास हुडा कॉम्पलेक्स स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम का शटर 22 दिनों से बंद है। इस एटीएम के लंबे समय से बंद होने से आसपास के लोगों को परेशानी हो रही है। एटीएम के बारे में दुकानदार गिरीश और प्रदीप कुमार ने बताया कि इस एटीएम की मशीन पिछले 22 दिनों से खराब है। लोगों को कैश निकालने के लिए दूर जाना पड़ता है।
कभी-कभी ही चलता है एटीएम-
बस स्टैंड के बाहर पंजाब नेशनल बैंक का एटीएम भी खराब मिला। मौके पर पैसे की निकासी के लिए पहुंचे चोपड़ा गार्डेन के ललित, अलका और रंजना ने कहा कि यह एटीएम आए दिन खराब रहता है। शनिवार को भी इस एटीएम के आउट ऑफ सर्विस होने से कैश की निकासी नहीं हो सकी। एटीएम के बाहर फल बेचने वालों ने बताया कि यह एटीएम कभी कभार ही चलता है। यहां से लौटने वालों को दूसरे एटीएम के बारे में बताते हैं, ताकि वे वहां से पैसा निकाल सकें।
कैश ही नहीं मिला यहां
मधु चौक स्थित ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स में रकम नहीं होने से ग्राहक कैश नहीं निकाल पा रहे। शनिवार को कैश निकासी के लिए पहुंचे रामपुरा के नरेश सिब्बल ने कहा कि यह एटीएम आए दिन खराब रहता है। शनिवार को इसमें बैलेंस नहीं होने पैसे की निकासी नहीं हो पाई।
मशीन ठीक की तो कैश हुआ समाप्त
मधु चौक स्थित डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के नजदीक सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया का एटीएम शनिवार शाम को खराब मिला। इस वजह से ग्राहक एटीएम से पैसे नहीं निकाल पाए। एटीएम ठीक करने पहुंचे कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें चंडीगढ़ के सिक्योरिटी वैली कंपनी से इस एटीएम के खराब होने की सूचना मिली थी। एटीएम में कैश डिस्पेंश एरर बता रहा था। उन्होंने एटीएम ठीक कर दिया है। कर्मचारियों के एटीएम ठीक करने के तुरंत बाद पैसे निकालने के लिए ग्राहक पहुंचे, लेकिन एटीएम से कैश नहीं निकला।
आउट ऑफ सर्विस मिला, शीशा टूटा था
मेला सिंह कोठी की बिल्डिंग स्थित एक्सिस बैंक के दोनों एटीएम शनिवार शाम को आउट ऑफ सर्विस मिले। इससे पैसे की निकासी नहीं हो सकी। इस एटीएम में शीशे का डोर लगाया गया है। यह भी टूटा मिला। गौरव और प्रकाश ने बताया कि एटीएम के आउट ऑफ सर्विस होने से वे बिना पैसे लिए ही लौट रहे हैं।
आउट ऑफ सर्विस होने से नहीं हो पाई निकासी
भाटिया नगर स्थित पंजाब नेशनल बैंक का एटीएम के शनिवार शाम को आउट ऑफ सर्विस हो गया। इससे ग्राहक एटीएम से बिना कैश लिए ही लौट गए। नवीन और सरोज बाला ने बताया कि उन्होंने दो तीन बार अपने एटीएम कार्ड का प्रयोग किया है, लेकिन एटीएम आउट ऑफ सर्विस बताता रहा।
एटीएम खराब होने की सूचना मिलने पर उन्हें ठीक करवा दिया जाता है। कैश खत्म होने पर भी उसी दिन कैश डलवाया जाता है। यदि किसी बैंक का एटीएम कई दिनों से खराब है, तो संबंधित बैंक के मैनेजर से बात कर उसे ठीक करवा देगें।
विपिन सरीन, लीड बैंक मैनेजर