एटीएम कार्ड बदलकर खाते से 25 हजार निकलवाने का मामला प्रकाश में आया है। यमुनानगर शहर पुलिस ने पीड़ित व्यक्ति की शिकायत पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
शहर पुलिस को दी शिकायत में गांव दुधला निवासी सलीम ने कहा कि 16 मार्च को वह बाजार में किसी काम से आया था।
इस दौरान उसे किसी काम के लिए पैसों की जरूरत पड़ गई। जब वह गोविंदपुरा स्थित पीएनबी बैंक के एटीएम से पैसे निकलवाने लगा तो अज्ञात व्यक्ति ने धोखे से उसका एटीएम कार्ड बदल लिया और उसके खाते से 25 हजार रुपये निकलवा लिए।
इसके बाद वह घर चला गया। लेकिन जब वह 14 जून को दोबारा बैंक से पैसे निकलवाने के लिए गया तो उसके खाते से रुपये गायब मिलें। जब उसने खाते की जांच की तो घटना के बारे में पता चला। उसने इसकी सूचना शहर यमुनानगर पुलिस को दी।
पुलिस ने सलीम की शिकायत पर जांच के बाद अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। जांच अधिकारी एएसआई बलबीर सिंह का कहना है कि एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।