बिलासपुर स्थित दुकान के संचालक राहुल और उसके कर्मी से लैपटॉप, 80 हजार की नकदी लूटने वाले दो आरोपियों को स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपियों ने वारदात को अंजाम देना कबूल किया। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। कोट ने लैपटॉप और नकदी बरामद करने के लिए दोनों आरोपियों को एक दिन के रिमांड पर भेजा।
पुलिस प्रवक्ता चमकौर सिंह ने बताया कि बिलासपुर निवासी राहुल कुमार ने 24 जनवरी 2019 को थाना बिलासपुर में एक शिकायत दर्ज कराई कि वह बिलासपुर में काली माता मंदिर के पास विकास कन्फेक्शनरी की दुकान में काम करता है। 23 जनवरी 2019 को वह अपने मालिक राहुल के साथ दुकान बंद करके अपने घर पर जा रहा था। उनके पास एक लैपटॉप व 80 हजार नगद थे। रास्ते में दो लड़कों ने उन्हें रोककर उनके साथ डंडों से मार पिटाई की। उनसे लैपटॉप व पैसे छीन कर भाग गए। इस शिकायत पर थाना बिलासपुर में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। दुकान मालिक राहुल ज्यादा चोट लगने के कारण डेढ़ महीना अस्पताल में दाखिल रहा। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इस मुकदमा की तफ्तीश स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट को दी गई। स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट इंचार्ज जोगिंद्र कुमार ने आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए एक टीम गठित की। इस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर रक्षक विहार नाका जगाधरी से आरोपी डेहा बस्ती निवासी सिकंदर व विक्रम को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से कोर्ट ने लैपटॉप व रुपये बरामद करने के लिए आरोपियों को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा दिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।