संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। महाराजा अग्रसेन महाविद्यालय सोमवार को स्नातक अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन हुआ। इस दौरान अर्पित चौहान को मिस्टर और स्नेहा को मिस फाइनल चुना गया। वहीं, साहिल मिस्टर व दिशा मिस ईव बनीं।
यह कार्यक्रम बीए द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों की ओर से करवाया गया। विद्यार्थियों ने वरिष्ठ साथियों को विदाई दी और जीवन में सफलता व उन्नति की शुभकामनाएं। विद्यार्थियों ने विभिन्न गायन, नृत्य, मिमिक्री सहित अन्य प्रस्तुति दी। प्राचार्य डॉ. करुणा मुख्यातिथि रहीं। बीए प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मनोरंजन किया।
समारोह में विद्यार्थियों ने पंजाबी, हरियाणवी, फिल्मी गीतों व नृत्य की प्रस्तुतियों से अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कनिष्ठ विद्यार्थियों ने वरिष्ठ सहपठियों को उनकी विशेषता, क्षमता व व्यक्तित्व के अनुसार टाइटल्स दिए और स्मृति-चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।
प्राचार्य ने कहा कि विदा होने वाले युवाओं पर अब अपने साथ परिवार, समाज व राष्ट्र की जिम्मेदारी भी आएगी। विद्यार्थियों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वाह सभ्य नागरिक की तरह करना चाहिए। डॉ. करुणा ने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण व सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने का सशक्त साधन है।
उन्होंने कहा कि महाविद्यालय से प्राप्त अनुभव विद्यार्थियों के जीवन व भविष्य निर्माण में कारगर साबित होंगे। संचालन कला परिषद के डॉ. विरेंद्र सिंह ने किया। इस दौरान प्रो. पूनम गर्ग, डॉ. वीएस ढिल्लो और डॉ. वीरा ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई। कार्यक्रम डॉ. विरेंद्र सिंह, पूनम गर्ग, सीमा जैन, प्रो. सपना इत्यादि उपस्थित रहे।