संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। लोप्यो गांव में तीन दिन तक चली ग्रामीण क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब अराईयांवाला की टीम ने अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में अराईयांवाला की टीम ने छछरौली को 35 रन से हराया। विजेता टीम को 31 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
तीन दिन तक चली इस प्रतियोगिता में क्षेत्र की 32 टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबला अराईयांवाला और छछरौली की टीमों के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरा दमखम लगाया। अराईयांवाला के खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल, सूझबूझ और शानदार प्रदर्शन के दम पर छछरौली की टीम पर बढ़त बनाई। बल्लेबाजों और गेंदबाजों के संयुक्त प्रयास से टीम ने 35 रन से जीत हासिल की। छछरौली की टीम को दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा।
मुख्य अतिथि कांग्रेस नेता श्याम सुंदर बत्रा ने विजेता अराईयांवाला और उपविजेता छछरौली की टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और टीम भावना ही उन्हें सफलता की ओर ले जाती है। इस दौरान रणबीर नंबरदार, कोमल राणा, जसबीर राठी, सुरेंद्र, विक्रम राठी, धर्मबीर राठी, वीरेंद्र कुमार, विक्रांत श्योकंद, नसार, बंटी राणा सहित अन्य मौजूद रहे।