संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर घोषित किए जाने वाले पद्म पुरस्कारों पद्म विभूषण, पद्म भूषण व पद्मश्री के लिए गृह मंत्रालय ने ऑनलाइन नामांकन करने के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई है।
नामांकन अथवा अनुशंसा केवल राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल (https://awards.gov.in) पर ऑनलाइन ही स्वीकार की जाएंगी। नामांकन करने वाले व्यक्ति एक व्याख्यात्मक प्रशस्ति-पत्र अधिकतम 800 शब्दों में लिख कर भेज सकते हैं। डीसी पार्थ गुप्ता ने बताया कि पद्म पुरस्कार, अर्थात् पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्मश्री, देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कारों में से हैं। वर्ष 1954 में स्थापित इन पुरस्कारों की घोषणा हर वर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर की जाती है।
यह पुरस्कार कला, साहित्य और शिक्षा, खेल, चिकित्सा, सामाजिक कार्य, विज्ञान और इंजीनियरिंग, सार्वजनिक कार्य, नागरिक सेवाओं, व्यापार और उद्योग जैसे सभी क्षेत्रों/विषयों में विशिष्ट और असाधारण उपलब्धियों/सेवाओं के लिए उत्कृष्ट-कार्य को मान्यता प्रदान करने के लिए प्रदान किए जाते हैं। अधिक विवरण पुरस्कार पोर्टल पर पुरस्कार और पदक शीर्षक के तहत व कानून और नियम वेबसाइट पर (https://padmaawards.gov.in) पर उपलब्ध है।