संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। रादौर के खेड़ी लक्खा सिंह में जिम के बाहर हुई गैंगवार का खुलासा करने में जुटी पुलिस ने शूटरों की मदद करने वालों पर शिकंजा कस दिया है। पुलिस सूत्रों का दावा है कि एक और संदिग्ध आरोपी को काबू किया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अफसरों का कहना है कि जल्द ही बड़ा खुलासा किया जाएगा।
बीती 26 दिसंबर को रादौर के खेड़ी लक्खा सिंह में चौकी के पास जिम के बाहर गैंगवार हुई थी। शूटरों ने 80 राउंड से अधिक फायरिंग कर तीन युवकों की हहत्या कर दी थी। इसके बाद से ही पुलिस की छह टीमें लगातार वारदात का खुलासा करने में जुटी हैं। पुलिस ने शूटरों की मदद करने वाले छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
इनसे पूछताछ के बाद कुछ अन्य नाम भी सामने आए थे। पुलिस टीम शूटरों और उनकी मदद करने वालों को लगातार तलाश कर रही है। पुलिस सूत्रों का दावा है कि पुलिस ने एक संदिग्ध आरोपी को काबू किया है। उससे पूछताछ की जा रही है। हालांकि, अभी तक पुलिस इस संबंध में कोई जानकारी नहीं दे रही है। वहीं सूत्रों का दावा है कि शूटरों को लेकर भी पुलिस को कुछ नया इनपुट मिला है।
शूटरों की तलाश में टीमें लगातार काम कर रही हैं। कुछ लोगों से पूछताछ की गई है। जल्द ही इस पूरी वारदात का खुलासा किया जाएगा। राजेश कुमार, डीएसपी।