संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। शिक्षा विभाग की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता पर बारिश ने पानी फेर दिया है। तीन दिवसीय प्रतियोगिता बारिश के कारण समय पर पूरी नहीं करवाई जा सकी। वहीं बारिश के रेड अलर्ट व बाढ़ की घोषणा के बाद विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए शिक्षा विभाग ने प्रतियोगिता रोक दी है। विभाग ने मौसम साफ होने पर प्रतियोगिता करवाने का निर्णय लिया है। फिलहाल विभाग ने प्रतियोगिताएं करवाने की कोई तिथि जारी नहीं की है।
शिक्षा विभाग की ओर से राष्ट्रीय खेल दिवस पर तीन दिवसीय वार्षिक प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया था। इसमें जिले के सभी खंडों से खिलाड़ी भाग रहे हैं।बारिश के कारण प्रतियोगिताएं रोकनी पड़ी है। सोमवार को भारी बारिश व यमुना में अत्याधिक पानी आने के कारण जिला प्रशासन ने बाढ़ घोषित कर दी है। ऐसे हालातों में यमुना व बरसाती नदियों किनारे बसे गांवों व क्षेत्रों के खिलाड़ी इसमें भाग लेने से वंचित रह जाएंगे।
ऐसे में विद्यार्थियों व खिलाड़ियों की सुरक्षा ध्यान में रखते हुए विभाग ने फिलहाल प्रतियोगिता स्थगित कर दी है। विभाग ने मौसम साफ होने पर प्रतियोगिता करवाने का निर्णय लिया है। प्रतियोगिता के पहले दिन कुछ मैच करवाए गए, लेकिन बारिश से जलभराव के कारण मैदान गीला होने के कारण अन्य मैच नहीं करवाए जा सके।
दूसरे दिन बारिश होने से प्रतियोगिता बीच में रोकनी पड़ी और शेष मैच स्थगित कर दिए गए। इसके बाद विभाग ने लंबित मैच रविवार को करवाने की योजना बनाई, परंतु बारिश के फिर प्रतियोगिता रोकनी पड़ी। ऐसे में विभाग ने प्रतियोगिता दो दिन आगे बढ़ा दी। जिसका समापन मंगलवार को किया जाना था।
सोमवार को पूरा दिन बारिश हुई और मौसम विभाग ने दो दिन भारी बारिश का अलर्ट दिया है। दूसरी तरफ यमुना में अत्याधिक पानी आने के कारण प्रशासन ने बाढ़ घोषित कर दी है। इन सभी परिस्थितियों को देखते हुए विभाग ने प्रतियोगिता फिलहाल स्थगित कर दी है। विभाग ने मौसम साफ होने पर प्रतियोगिताएं करवाने का निर्णय लिया है।
अभी प्रतियोगिता के तहत कई खेलों के मैच होने बाकी है। अभी लड़कियों के वॉलीबॉल, खो-खो, लड़कों की अंडर-14 खो-खो, अंडर-17 व 19 वॉलीबॉल के मैच होने हैं। इसके अलावा लड़के-लड़कियों की वेटलिफ्टिंग, योगा, जिमनास्टिक सहित अन्य एथलेटिक्स खेल और क्रिकेट प्रतियोगिता करवाई जानी है।
बारिश व बाढ़ को देखते फिलहाल प्रतियोगिता पर स्थगित की गई हैं। विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मौसम साफ होने के बाद प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। - रमेश पोसवाल, सहायक शिक्षा अधिकारी यमुनानगर।