यमुनानगर। डीएवी गर्ल्स कॉलेज में हरियाणा डे विद हरियाणा दर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की थीन सांझी के रंग, मिट्टी का प्यार, हरियाणा डे बने यादगार रही। वहीं छात्राओं के बीच सांझी प्रतियोगिता भी कराई गई। इसमें प्रथम स्थान पर अन्नू (बीए फैशन डिजाइनिंग), द्वितीय पर महक (बीए तृतीय वर्ष) व तृतीय पर पलक सेनी (बीए ऑनर्स, द्वितीय वर्ष) रहीं।
मुख्य अतिथि जिला उच्च शिक्षा अधिकारी डॉ. सुमन भाटिया ने कहा कि हरियाणा की संस्कृति हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा है। हमें अपनी परंपराओं और लोककला को सहेजकर अगली पीढ़ी तक पहुंचाना चाहिए। ऐसे आयोजन हमारी संस्कृति को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। छात्राओं को चाहिए कि वे अपनी जड़ों से जुड़े रहते हुए आधुनिकता के साथ आगे बढ़े।
प्रिंसिपल डॉ. सुरिंद्र कौर ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्राओं को अपनी संस्कृति और मिट्टी से जोड़ने का माध्यम हैं। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी विभागों और छात्राओं की सराहना की। वहीं इस कार्यक्रम का आयोजन डॉ. नीता द्विवेदी, कल्चरल काउंसिल इंचार्ज डॉ. गुरशरण कौर, होम साइंस विभागाध्यक्ष पारुल तथा फाइन आर्ट्स विभागाध्यक्ष विकास वालिया की देखरेख में किया गया।