रादौर। मुकंदलाल नेशनल कॉलेज में 51वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में शुक्रवार को लड़कों की पांच किलोमीटर दौड़ और लड़कियों की शॉटपुट प्रतियोगिताएं आयोजित की गई।
खेल प्रतियोगिता में लड़कों की पांच किलोमीटर दौड़ में अंकुश पहले, रवि दूसरे व हर्ष तीसरे स्थान पर रहा। लड़कियों की शॉटपुट प्रतियोगिता में तनु प्रथम, अंजलि द्वितीय व पायल तृतीय स्थान पर रही। प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ियों को स्मृति चिह्न व मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। डीपी डॉ. महेंद्र सिंह आलमपुर ने बताया कि प्रतियोगिता में गोला फेंक, भाला फेंक, चक्का फेंक, लंबी व ऊंची कूद, साइकिल रेस, रस्साकस्सी के मुकाबले होंगे। लड़के व लड़कियों में प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को बेस्ट एथलीट के अवार्ड और विजेताओं को स्वर्ण, कांस्य व रजत पदकों से सम्मानित किया गया।
उन्होंने बताया कि आमतौर पर कॉलेज की खेलकूद प्रतियोगिता दो दिन की होती थी। लेकिन कोरोना बीमारी के प्रकोप को लेकर इस बार प्रतियोगिता 10 दिन तक चलेगी। हर रोज नियमित संख्या में खिलाड़ियों को खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए बुलाया जा रहा है। जिससे प्रतियोगिता के दौरान सरकार की गाइडलाइन का पालन किया जा सके। डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि युवाओं को अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिता में भाग लेना चाहिए। जिससे वे मानसिक व शारीरिक रूप से मजबूत हो सकें। खेल हमारे जीवन का अभिन्न अंग है। खेलों से हम देश, क्षेत्र व अपने माता पिता का नाम रोशन कर सकते हैं।