कोच अनिल शर्मा के साथ मुक्केबाज अंजलि शर्मा। स्वयं
जगाधरी। जिले की मुक्केबाज अंजलि शर्मा ने अपनी मेहनत से हिसार में 11 से 15 नवंबर तक हुई राज्यस्तरीय महिला मुक्केबाजी प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में प्रदेशभर की महिला मुक्केबाजों ने हिस्सा लिया था। अंजलि तेजली खेल परिसर में कोच अनिल शर्मा के पास करीब छह से मुक्केबाजी का प्रशिक्षण ले रही हैं।
प्रतियोगिता में उनका पहला मुकाबला बाई मिलने के कारण नहीं हुआ। इसके बाद दूसरे मुकाबले में उनका सामना भिवानी की मुक्केबाज कुसुम से हुआ। इस मुकाबले में अंजलि ने आक्रामक खेल दिखाते हुए पहले ही राउंड में जीत हासिल की। रेफरी ने मुकाबले में अंजलि की बढ़त और प्रतिद्वंद्वी की स्थिति को देखते हुए मुकाबला रोक दिया। इस प्रकार उन्होंने आरएससी के आधार पर मुकाबला अपने नाम किया। कोच अनिल शर्मा ने बताया कि सेमीफाइनल में अंजलि की भिड़ंत भूमिसा से हुई। दोनों मुक्केबाजों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। इसमें अंजलि को 3-2 के करीबी अंतर से हार का सामना करना पड़ा। सेमीफाइनल तक पहुंचने और बेहतर प्रदर्शन के आधार पर उन्हें कांस्य पदक मिला।
कोच अनिल शर्मा ने बताया कि इससे पहले अंजलि हरियाणा ओलंपिक टूर्नामेंट में रजत पदक जीत चुकी है। वहीं, पिछले वर्ष हरियाणा स्टेट चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर अपना लोहा मनवा चुकी है। इस मैच के बाद चोट लगने के बाद अंजलि काफी समय रिंग से दूर रही और मुक्केबाजी नहीं की। इस प्रतियोगिता से करीब तीन-चार महीने पहले उन्होंने वापसी की। उन्होंने कहा कि मुक्केबाजी जैसे खेल में शारीरिक क्षमता के साथ आत्मविश्वास, अनुशासन और धैर्य भी जरूरी है। संवाद