Anil Vij took DSP's class, said - has taken oath of justice, giving support to the culprits
- फोटो : Yamuna Nagar
यमुनानगर। साढौरा के गांव इस्लामनगर में 30 वर्षीय मुमताज पर पड़ोसियों द्वारा हमला किए जाने का मामला गृह मंत्री अनिल विज के दरबार में पहुंच गया। मुमताज ने आरोप लगाया कि थाना साढौरा पुलिस ने इस मामले में अब तक सभी हमलावरों को गिरफ्तार नहीं किया है। वहीं डीएसपी बिलासपुर का रीडर मामले में समझौता करने का दबाव बना रहा है। महिला ने हमले के दौरान शरीर पर लगी चोट व घर में की गई तोड़फोड़ की फोटो भी सबूत के तौर पर दिखाया। इस पर अनिल विज ने मौके पर ही डीएसपी बिलासपुर को फोन कर फटकार लगाई। उन्होंने डीएसपी को यहां तक कह दिया कि आपने पुलिस की जो शपथ ली हुई है, वह लोगों को इंसाफ दिलाने के लिए ली हुई है या फिर मुजरिमों का साथ देने की। मुमताज के मामले में आपका रीडर समझौता करने का दबाव बना रहा है। इसमें अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने डीएसपी से लिखित में रिपोर्ट देने को कहा। वहीं रीडर को सस्पेंड करने के निर्देश दिए। अनिल विज द्वारा डीएसपी से फोन पर की गई बात दिनभर चर्चा का विषय रही। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने इसे खूब वायरल किया।
दो गिरफ्तारी कर चालान पेश कर चुके हैं : जितेंद्र कुमार
डीएसपी बिलासपुर का इस बारे में कहना है कि उक्त केस में ओमी व उसकी पत्नी की गिरफ्तारी हो चुकी है। दोनों के खिलाफ कोर्ट में चालान पेश किए जा चुके हैं। जांच में अन्य आरोपियों की भूमिका सामने नहीं आई। पुलिस ने मामले में नियमानुसार कार्रवाई की है। रीडर पर फिलहाल कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
यह दी थी शिकायत
गांव इस्लामनगर निवासी मुमताज ने थाना साढौरा में शिकायत दी थी कि उसका पति मजदूरी करता है। उसके पास एक लड़का व एक लड़की है। पड़ोस में रहने वाले ओमी ने पहले उसके घर का बाथरूम तोड़ दिया था। जिस बारे में उनकी पंचायत भी हुई थी। जिसमें वह कहने लगा कि वह अब दोबारा तोड़फोड़ नहीं करेगा। 15 जून की शाम ओमी अपने हाथ में फाला व हथौड़ा लेकर उसके घर की दीवार तोड़ने लगा। जब वह ओमी को रोकने लगी तो वह दीवार फांद कर उसके घेर में आ गया। ओमी का भाई बीरा फौजी, लड़का राजेश, रज्जू व लड़की रीना और पत्नी मैना भी उसके घर में घुस गए। बीरा फौजी ने अंदर से दरवाजा लगा दिया तभी राजेश ने उसके सिर में हथौड़ा मारा। ओमी ने सिर उसके सिर में फाला मारा। राजेश ने उसका गला घोंट दिया। आरोप है कि रीना ने उसके कान की बालियां निकाल ली। आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। तब पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 22 जुलाई को मामले में ओमी, बीरा फौजी, राजेश, रज्जू, रीना व मैना के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया था।