संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। राजकीय अध्यापक संघ 70 की जिला कार्यकारिणी का चुनाव रविवार को शहीद नवीन वैद्य राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मॉडल टाउन में तनातनी के बीच संपन्न हो गया। प्रत्याशियों की गर्मागर्मी के बाद शाम को जिला प्रधान के लिए मतदान करवाया गया। इसमें केवल खंड प्रधान व सचिव ने मतदान किया। इस दौरान अनिल कांबोज को जिले के सभी छह खंडों के सभी 12 मत एक तरफा पड़े। दूसरे प्रत्याशी संदीप गुप्ता को एक भी वोट नहीं मिला। राज्य कमेटी ने अनिल कांबोज को जिला प्रधान घोषित कर दिया।
इस दौरान संघ जिला प्रधान के लिए 14 शिक्षकों ने नामांकन किया था। पंरतु चुनाव से पहले 12 लोगों ने अपना नाम वापस ले लिया। इसके बाद अनिल कांबोज व संदीप गुप्ता ही मैदान में रह गए थे। इसके बाद सर्वसम्मति से प्रधान चुनने को लेकर चर्चा की गई। खंड कार्यकारिणी सहित जिले के अन्य सदस्यों ने अनिल कांबोज को प्रधान बनाने पर सहमति जताई। इस पर संदीप गुप्ता पक्ष के लोग भड़क गए।
इसके बाद दोनों पक्षों में इसे लेकर काफी बहस हुई। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच हाथापाई तक हो गई, लेकिन जिला पदाधिकारियों ने इससे इन्कार किया है।
सुबह से शाम तक इसी को लेकर खींचतान चलती रही। चुनाव के लिए राज्य महासचिव राजेश शर्मा पंचकूला, राज्य वरिष्ठ उप प्रधान कैथल से संदीप शर्मा, राज्य उप प्रधान विजय कौशिक को चुनाव पर्यवेक्षक बनाया गया। वहीं, सहायक चुनाव अधिकारी पंचकूला प्रधान मदन गोपाल रहे।
कार्यक्रम राज्य चेयरमैन यशपाल ढांडा के नेतृत्व में हुआ। इस दौरान राज्य प्रधान मनोज सेहरावत मुख्यातिथि रहे। सर्वसम्मति से चुनाव करवाने को लेकर राज्य कार्यकारिणी ने सुझाव दिया, लेकिन संदीप गुप्ता पक्ष के लोग अड़े रहे। काफी बहस व गर्मागर्मी के बाद केवल खंड प्रधान व महासचिव के मत से जिला प्रधान चुनने पर सहमति बनी। इस दौरान छह खंडों से दो-दो पदाधिकारियों ने कुल 12 वोट किए। सभी वोट अनिल कांबोज को मिले और संदीप गुप्ता को कोई वोट नहीं मिला। इसके बाद भी इसे हंगामा हुआ, लेकिन पदाधिकारियों ने शांत करवाया दिया।
प्रधान के साथ ही नई कार्यकारिणी गठित की गई। इसमें खेमलाल सैनी को महासचिव, मनोज कुमार को वरिष्ठ उप प्रधान, विनोद जिंदल को चेयरमैन, साहब सिंह को मुख्य संरक्षक, रविंद्र कांबोज मुख्य सलाहकार, सुशील सैनी को सलाहकार, संजीव शर्मा बिलासपुर, प्रीतम पवार, राजेंद्र अत्रि को उप-प्रधान चुना गया। वहीं, कुलदीप सिंह कोषाध्यक्ष, सह सचिव नरेश कुमार बनाया गया और ऑडिटर का पद संजीव कुमार प्रजापत को दिया गया।