संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। प्रतापनगर बस स्टैंड पर बस की चपेट में आकर छह छात्राओं में एक की मौत व अन्यों के घायल होने पर मौके पर जुटे विद्यार्थी भड़क गए। बुधवार सुबह पौने आठ बजे हादसा होने पर गुस्साए विद्यार्थियों ने बस स्टैंड पर हंगामा शुरू कर दिया। छात्र-छात्राओं के साथ उनके अभिभावक भी मौके पर पहुंच गए। सभी ने हादसे के लिए बस चालक को जिम्मेदार ठहराया, वहीं रोडवेज द्वारा रूट पर कम बसे चलाने को भी हादसे की वजह बताया।
बस स्टैंड पर काफी देर बवाल करने के बाद सभी जगाधरी-पांवटा हाईवे पर उतर गए, जिसे करीब आधे घंटे जाम रखा। प्रतापनगर प्रभारी नर सिंह ने पहुंचकर समझाने का प्रयास किया, पर विद्यार्थी नहीं माने। हंगामे व हाईवे जाम के दौरान करीब दो घंटे विद्यार्थियों ने रोडवेज बसें नहीं चलने दीं। बाद में डीएसपी हरविंद्र सिंह, छछरौली एसडीएम रोहित कुमार, तहसीलदार आनंद रावल पहुंचे और विद्यार्थियों को चालक पर कार्रवाई व रूट पर बसें बढ़ाने का आश्वासन देकर शांत किया।
हादसे के बाद विद्यार्थियों संग रोष जताने पहुंचे अभिभावकों ने बताया कि प्रतापनगर व आसपास के गांवों के विद्यार्थी यमुनानगर-जगाधरी के कॉलेजों व अंबाला की मुलाना यूनिवर्सिटी में पढ़ने जाते हैं। सुबह के समय करीब 250-300 विद्यार्थी बस स्टैंड पर होते हैं, पर बसें नाममात्र है। इसी वजह से बसों में चढ़ने को लेकर विद्यार्थियों में मारामारी रहती है। न तो रूट पर रोडवेज बसें बढ़ रही हैं और न ही संबंधित कॉलेजों द्वारा रूटों पर अपनी बसें लगाई जा रही हैं।
गांव बहादुरपुर की 20 वर्षीय संजना स्वामी विवेकानंद नर्सिंग कॉलेज से द्वितीय वर्ष की छात्रा है। संजना ने बताया कि बुधवार सुबह पांवटा साहिब से आई बस रुकी नहीं, वह एकदम आगे चली गई। चलती बस में चढ़ने की होड़ में विद्यार्थी एक-दूसरे के ऊपर गिर गए और हादसा हो गया। यहां सुबह एक ही बस आती है। इस वजह से विद्यार्थियों में चढ़ने की होड़ लगी थी।