संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शहर का मुख्य नेहरू पार्क। बाहर से देखने में सुंदर लगता है, लेकिन अंदर के हालात क्या हैं इस बात से सीनियर सिटीजन एसोसिएशन ने पर्दा उठा दिया। एसोसिएशन ने फव्वारा खराब होने पर नाराजगी जताते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
दरअसल नेहरू पार्क में लगा फव्वारा पिछले आठ साल से बंद पड़ा है। पार्क गंदगी व मच्छर की भरमार है। इसे ठीक कराने को लेकर कई बार एसोसिएशन की तरफ से शिकायतें भी दी जा चुकी, लेकिन फव्वारा ठीक होना तो दूर, नगर निगम के कर्मचारियों ने यहां आकर तक नहीं देखा। बार-बार शिकायतें देने के बाद जब किसी ने कोई ध्यान नहीं दिया तो रविवार को सीनियर सिटीजन एसोसिएशन के पदाधिकारी विरोध पर उतर आए।
इस दौरान उन्होंने हाथों में बैनर लेकर पार्क के अंदर लगे फव्वारे के पास खड़े होकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रोष प्रकट किया। वहीं एसोसिएशन के विजय मरवाह, जनक चावला, अशोक चोपड़ा, जोगिंद्र, रमेश कुमार, अतुल आदि ने बताया कि नेहरू पार्क शहर के बीच में होने से मुख्य पार्क है।
यहां रोजाना सुबह-शाम काफी संख्या में लोग सैर सपाटा और ताजी हवा लेने के लिए आते हैं। अब यहां के हालात अब इतने खराब होने के लगे हैं की देखकर शर्म भी आने लगी है। फव्वारा जो पार्क की सुंदरता में चार चांद लगता है उसे खराब हुए आठ साल बीत चुके, लेकिन आज तक ठीक नहीं हो पाया। ऐसे में उनकी मांग इस फव्वारा को जल्द ठीक कराया जाए।