यमुनानगर। गुरु नानक खालसा कॉलेज के बीएससी स्पोर्ट्स प्रथम वर्ष के छात्र शाह अमन खान ने मुरथल, सोनीपत में आयोजित हरियाणा स्टेट वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता है। 60 किलोग्राम भार वर्ग में प्रतिस्पर्धा करते हुए अमन खान ने कुल 205 किलोग्राम वजन उठाया।
कड़े मुकाबले के बीच उनके इस प्रदर्शन ने उन्हें राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पोडियम तक पहुंचाया। कॉलेज प्राचार्य डॉ. अरविंद्र सिंह भल्ला ने अमन खान को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उसकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि खेलों में इस तरह की उपलब्धियां संस्थान के अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरित करती हैं।
विज्ञापन
स्पोर्ट्स एवं फिजिकल एजुकेशन विभाग के अध्यक्ष डॉ. संजय विज ने भी अमन खान की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि यह पदक उसके उज्ज्वल खेल भविष्य की ओर एक मजबूत कदम है। उन्होंने छात्र को आगामी प्रतियोगिताओं में और ऊंचे लक्ष्य निर्धारित कर अधिक सफलता हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया।
कॉलेज प्रबंधन कमेटी कमेटी के अध्यक्ष रणदीप सिंह जौहर ने भी अमन खान को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस उपलब्धि से पूरे संस्थान और स्पोर्ट्स विभाग को गर्व महसूस हो रहा है। डॉ. अमरजीत सिंह और प्रो. शिव ने भी छात्र को बधाई देते हुए उसके खेल करियर में निरंतर सफलता की कामना की।