यमुनानगर। मॉडल टाउन में कारों की एसेसरीज के शोरूम डिटेलिंग करेव के संचालक ने कुछ लोगों पर शोरूम में ताेड़फोड़ करने और अंदर खड़ी कार के शीशे तोड़कर ढाई लाख रुपये चोरी करने का आरोप लगाया है। शहर पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि शोरूम के किराये के संबंध में किरायेदार व मालिक के बीच हुए विवाद के बाद तोड़फोड़ की गई। शोरूम संचालक का आरोप है कि उन्होंने हॉल मालिक व उसके परिवार के सदस्यों से किराये के संबंध में बातचीत की तो उनसे अभद्रता की गई।
प्रोफेसर कॉलोनी निवासी सौरभ राणा व दिनेश चौधरी ने बताया कि उन्होंने मॉडल टाउन शक्ति नगर निवासी हरीश कुमारी, उसके पति अमित गंभीर, सास कुसुम गंभीर व ससुर सिकंदर लाल गंभीर से मॉडल टाउन में एक हॉल कार की एसेसरीज के काम के लिए किराये पर लिया था। हाल किराये पर लेने के लिए आरोपियों ने 22 मई को उसका किरायानामा नोटरी से तस्दीक कराया था। इसके बाद हॉल का किराया 20 जून से लागू होना था। किराये की मियाद 19 व 20 जून तक तय हुई थी। उन्होंने आरोपियों को हॉल के किराये के लिए एक लाख 12 हजार 500 रुपये दे दिए थे। इसके बाद उन्होंने हाॅल का नवीनीकरण करवाना शुरू कर दिया। करीब 30 लाख रुपये खर्च करने के बाद उन्होंने हॉल को अपने कारोबार के लिए तैयार करवा लिया। इसके बाद उन्होंने इसमें डिटेलिंग करेव के नाम से फर्म बनाकर अपना काम शुरू किया और कारोबार के लिए सामान डालना शुरू कर दिया। हॉल में उन्होंने कारोबार से संबंधित सामान रखा हुआ था। इसके अलावा स्विफ्ट डिजायर कार भी खड़ी की हुई थी जिसमें कारोबार के लिए करीब ढाई लाख रुपये भी रखे हुए थे। 21 जून को वह अपना कार्यालय बंद करके घर चले गए थे। अगले दिन सुबह जब वे कार्यालय पहुंचे तो कार्यालय के ताले टूटे हुए थे। हॉल के अंदर खड़ी कार क्षतिग्रस्त हालत में हॉल के बाहर खड़ी थी और कार्यालय में रखा सामान टूटा हुआ था। अपने स्तर पर जब उन्होंने जांच की तो पता चला कि आरोपी अमित गंभीर, उसकी पत्नी हरीश कुमारी ने कुछ लोगों को बुलाकर उनके कार्यालय में तोड़फोड़ की है। आरोप है कि आरोपियों ने कार में रखी ढाई लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली। जब उन्होंने आरोपियों से बातचीत की तो उन्होंने उनसे अभद्रता की। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें हॉल खाली करने की धमकी दी और उन्हें परेशान करने के लिए दुकान के बाहर रेत डालकर उनका रास्ता बंद कर दिया। इसके बाद उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस को दी। शहर थाना प्रभारी जगदीश चंद्र का कहना है कि हॉल के किराये को लेकर दोनों पक्षों में विवाद है। सौरभ राणा की शिकायत पर पांचों आरोपियों पर धोखाधड़ी, चोरी, अभद्रता समेत कई धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच की जा रही है।