संवाद न्यूज एजेंसी
साढौरा। मुख्य बाजार में शनिवार को नगर पालिका की अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई के दौरान सफाई टीम के साथ अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। नगर पालिका सचिव ने पुलिस को शिकायत देकर संबंधित महिला दुकानदार और उसके बेटे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
नगर पालिका सचिव नितिन की ओर से दी गई शिकायत के अनुसार सहायक सफाई निरीक्षक फूल सिंह के नेतृत्व में सफाई कर्मचारी मुख्य बाजार में दुकानों के आगे किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई कर रहे थे। इसी दौरान दिल्ली कॉप्लेक्स के सामने बर्तन की दुकान संचालित करने वाली एक महिला और उसके बेटे ने टीम के साथ गाली-गलौज की। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दोनों ने सहायक सफाई निरीक्षक से चालान बुक छीनकर फाड़ दी तथा धक्का-मुक्की और मारपीट की।
साथ ही सफाईकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए जातिसूचक शब्द भी कहे गए। नगर पालिका सचिव ने इसे सरकारी कार्य में बाधा डालने और कानून का उल्लंघन बताते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ चालान बुक फाड़ने, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, मारपीट करने तथा जातिसूचक शब्द कहकर सफाईकर्मियों का अपमान करने के आरोप में कानूनी कार्रवाई की मांग की है। थाना साढौरा के एसएचओ मनजीत का कहना है कि शिकायत मिल गई है। मामले की जांच की जा रही है।