गांधी नगर की कृष्णा कॉलोनी में पति ने मारपीट कर पत्नी को घर से बाहर निकाल दिया। आरोप है कि पत्नी के मायके जाने के बाद पति और ससुरालियों ने बच्चों को घरों में कैद कर दिया। जब पत्नी को इसकी जानकारी हुई तो वह पुलिस के पास शिकायत लेकर पहुंची। पुलिस की मदद से बच्चों को मुक्त कराया गया। विवाहिता के अनुसार इस दौरान ससुरालियों ने पुलिस के साथ भी अभद्रता की।
कृष्णा कॉलोनी निवासी मुदिता ने गांधी नगर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 29 मई को उसका अपने पति प्रवीण के साथ विवाद हो गया था, जिस पर पति ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया था। तब सात साल की बेटी और एक साल के बेटे को उसके पति ने अपने पास रख लिया था। वह अपने मायके जगाधरी में रह रही है। इस दौरान उसे पता चला कि पति और ससुराल वाले बच्चों को प्रताड़ित कर रहे हैं। इसके बाद वह पुलिस के साथ ससुराल में गई। उसके साथ महिला थाना की एसआई कुसम, ईएचसी प्रवीण कुमार उसके पति के घर पहुंचे। इसके बाद बच्चों को जबरन ससुरालियों के कब्जे से लेकर महिला के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने मुदिता की शिकायत पर आरोपी प्रवीण व उसकी मां के खिलाफ मारपीट, सरकारी काम में बाधा पहुंचाने, अभद्र व्यवहार करने समेत कई धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।