संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। मुकंद लाल जिला नागरिक अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों को जल्द ही सभी प्रकार के जरूरी टेस्ट की सुविधा मिलेगी। इसके लिए सवा करोड़ रुपये से अस्पताल की लैब के लिए जरूरी मशीनें खरीदी जाएंगी। इनमें कई मशीनें तो ऐसी हैं जो अभी निजी अस्पतालों की लैब में भी नहीं हैं। जिस टेस्ट की कीमत निजी लैब में पांच हजार रुपये तक है, वह जिला अस्पताल में 100 से 150 रुपये तक में हो सकेंगे।
जिला नागरिक अस्पताल में पहले से ही काफी मशीनें मौजूद हैं। इसके लिए अस्पताल के बी ब्लॉक में दूसरे तल पर एक ही जगह पर सभी लैब को स्थापित किया गया है। काफी मरीज ऐसे होते हैं जिनके टेस्ट की सुविधा उन्हें जिला अस्पताल में नहीं मिल पाती। इसके लिए उन्हें प्राइवेट लैब में जाना पड़ता है, जिससे मरीजों को हजारों रुपये तक खर्च करने पड़ते हैं। अब ऐसा नहीं होगा।
कुछ माह पहले स्वास्थ्य विभाग के मुख्यालय की तरफ से करीब सवा करोड़ रुपये जिले में भेजा गया था। पहले इस राशि से सारी मशीनें सिविल सर्जन स्तर पर ही खरीदी जानी थी। अब यमुनानगर समेत प्रदेश के अन्य जिलों में मशीनों की खरीद मुख्यालय स्तर पर की जानी है। इस पर जिले से यह पैसा अब जिला से मुख्यालय में ट्रांसफर किया जाएगा।
इन मशीनों व उपकरणों की होगी खरीद : लैब में जो नई मशीनें खरीदी जाएंगी उनमें बायोसेफ्टी केबिनेट, ऑटोमेटेड सिस्टम फॉर ब्लड कल्चर, ऑटोमेटेड सिस्टम फॉर बैक्टीरियल आइडेंटीफिशियन एंड सेंस्टीविटी, बाइनोक्यूलर माइक्रोस्कॉप एलईडी, सेमी ऑटोमेटेड बॉयोकेमिस्ट्री एनालाइजर, ऑटोमेटेड हार्मोन एनालाइजर, ऑटोमेटेड कॉगूलोमीटर, आईएसई बेस्ड इलेक्टरोलाइट एनालाइजर, बाइनोक्यूलर माइक्रोस्कॉप, यूरिन एनालाइजर, ऑटोमेटेड ईएसआर एनालाइजर, ब्लड गैस एनालाइजर, ऑटोमेटेड टिश्यू प्रोसेसर, ऑटोमेटेड स्लाइड स्टेशनर, ब्लॉक स्टोरेज स्लाइड केबिनेट समेत अन्य शामिल हैं। ऑटोमेटेड हार्मोन एनालाइज़र, रक्त, सीरम या प्लाज्मा में हॉर्मोन के स्तर को मापने के लिए इस्तेमाल होता है। इसी तरह ब्लड गैस एनालाइजर एक स्वचालित उपकरण है, जिसका इस्तेमाल रोगी के खून के नमूने से कई तरह के पैरामीटर मापने के लिए किया जाता है।
लैब में जरूरी मशीनें खरीदने के लिए सवा करोड़ रुपये आया था। अब मुख्यालय से अपने स्तर पर ही इनकी खरीद की जाएगी। सभी तरह के जरूरी टेस्ट जिले में ही होने से मरीजों को काफी फायदा होगा। - डॉ. मंजीत सिंह, सिविल सर्जन यमुनानगर।