संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। केंद्र व राज्य सरकार की कर्मचारी और मजदूर विरोधी नीतियों के विरोध में 12 फरवरी को प्रस्तावित राष्ट्रीय हड़ताल को सफल बनाने के लिए सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है।
इसी कड़ी में संघ के जत्थे ने मंगलवार को खंड साढौरा के रेस्ट हाउस में पब्लिक हेल्थ, बीएंडआर, आईटीआई, अग्निशमन, बिजली और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को संबोधित किया। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रेस सचिव व जत्था कन्वीनर गुलशन भारद्वाज ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों के कारण कर्मचारी और मजदूर वर्ग में भारी रोष है। राष्ट्रीय हड़ताल को ऐतिहासिक, प्रभावी और निर्णायक बनाने के लिए जिला, ब्लॉक और विभागीय स्तर पर टीमें गठित कर सरकारी कार्यालयों, फील्ड इकाइयों और विभागों में जाकर कर्मचारियों स संवाद किया जा रहा है।