संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। अक्षय तृतीया पर्व पर खरीदारी का लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। शुभ मुहूर्त में खरीदारी करने की परंपरा के चलते शहर के बाजार में सुबह से ही ग्राहकों की भारी भीड़ देर शाम तक जारी रही। व्यापारियों के अनुसार एक दिन में जिले में 80 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ है। इसके अलावा शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में खूब शहनाई बजी।
अक्षय तृतीया पर ऑटोमोबाइल सेक्टर में सबसे ज्यादा रौनक देखी गई। शुभ दिन होने के कारण 100 से अधिक दोपहिया और चार पहिया वाहनों की बिक्री हुई। कई शोरूम पर तो पहले से ही बुकिंग थी, जिसकी डिलीवरी रविवार को दी गई। कार और बाइक खरीदने के लिए लोग अपने परिवारों के साथ शोरूम पहुंचे, जिससे शोरूम के बाहर उत्सव सा माहौल बना रहा।
व्यासपुर के ऑटोमोबाइल कारोबारी आनंद बक्शी ने बताया कि अक्षय तृतीया पर वाहन खरीदारी के प्रति लोगों का काफी रुझान देखने को मिला। लोगों ने पहले से ही अपनी बुकिंग करवा रखी थी। इसके अलावा मोबाइल शोरूम पर भी खूब रौनक रही। इस दौरान लोगाें में नया मोबाइल खरीदने का क्रेज रहा। विभिन्न कंपनियों के शोरूम व दुकानों पर 2100 से ज्यादा मोबाइल फोन की बिक्री हुई है।
इस दौरान सराफा बाजार में भी जबरदस्त हलचल रही। सोने की ऊंची कीमतों के बावजूद, शगुन के तौर पर आभूषण खरीदने वालों की दुकानों पर भीड़ जुटी रही। इस दौरान सर्राफ कारोबारी राजेश कुमार ने बताया कि पर्व पर लोगों ने हल्के आभूषणों से लेकर भारी गहनों और सोने-चांदी के सिक्कों की खरीदारी की। वहीं, इस दौरान बढ़ती गर्मी के बीच इलेक्ट्रॉनिक बाजार ने भी अच्छी रफ्तार पकड़ी। फ्रिज, एसी, कूलर और एलईडी टीवी इत्यादि उत्पादों की मांग में उछाल आया।
शहर के मुख्य बाजार जगाधरी रोड, मॉडल टाउन और रेलवे रोड पर स्थित शोरूम पर ग्राहकों की अच्छी-खासी रौनक रही। कारोबारी कर्ण गर्ग ने बताया कि पर्व के चलते रविवार को कारोबार बेहद शानदार रहा। इस दौरान लोगों काफी उत्साह देखने को मिला। उन्होंने बुक आइटम्स की देर रात तक कर्मचारियों ने डिलिवरी दी है।
वहीं देर शाम तक बाजारों में रही रौनक और बिक्री से जिले के व्यापारी बेहद खुश नजर आए। ऑटोमोबाइल, मोबाइल और सर्राफा बाजार में अच्छा कारोबार हुआ है। शुभ मुहूर्त के चलते 80 करोड़ से ज्यादा के कारोबार ने स्थानीय अर्थव्यवस्था को एक नई मजबूती प्रदान की है।
ऑटोमोबाइल शोरूम पर स्कूटी के फीचर्स देखते ग्राहक। संवाद