संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। गर्मी की छुट्टियों के कारण ट्रेनों में लगातार यात्रियों की भीड़ बढ़ रही है। ऐसे में भीड़ नियंत्रण करने के लिए रेलवे की ओर से विशेष गाड़ियां चलाई जा रही हैं। इसको ध्यान में रखते हुए रेलवे चंडीगढ़ वाराणसी के बीच एक विशेष गाड़ी का संचालन शुरू किया है। यह विशेष वातानुकूलित ट्रेन संख्या 04227-28 नंबर से चलाई जा रही है। इस ट्रेन के संचालन से उत्तर भारत से पूर्वांचल की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
रेलवे ने अभी इस गाड़ी का ठहराव यमुनानगर जगाधरी स्टेशन पर नहीं दिया है। परंतु जिले के यात्री इसका लाभ अंबाला व सहारनपुर स्टेशन से ले सकते हैं। वहीं इस वातानुकूलित ट्रेन के लिए आरक्षण यमुनानगर जगाधरी स्टेशन पर करवाया जा सकता है। यह गाड़ी संख्या 04228 चंडीगढ़-वाराणसी एसी स्पेशल ट्रेन वीरवार और रविवार को चंडीगढ़ स्टेशन से सुबह छह बजे रवाना होगी। यह ट्रेन अंबाला छावनी, सहारनपुर, रुड़की, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, लखनऊ, रायबरेली और प्रतापगढ़, मां बेल्हा देवी धाम स्टेशन पर रुकते हुए मध्यरात्रि 12 बजकर 55 मिनट पर वाराणसी पहुंचेगी। इससे हरियाणा, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 04227 वाराणसी-चंडीगढ़ ट्रेन शुक्रवार और सोमवार को सुबह 11 बजकर 05 मिनट पर चलेगी। इसी रूट से होते हुए तड़के चार बजकर 20 मिनट पर चंडीगढ़ पहुंचेगी। इस स्पेशल ट्रेन में आधुनिक सुविधाओं से युक्त वातानुकूलित कोच लगाए गए हैं। ट्रेन में पांच टू-टियर और 12 थ्री-टियर कोच लगाए गए हैं। रेलवे ने सभी संबंधित स्टेशनों के आरक्षण केंद्रों पर इसकी अधिसूचना भी जारी कर दी है।
अंबाला मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक यशजीत सिंह के बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त गाड़ियों का संचालन किया जा रहा है। रूट पर भीड़ व मांग के अनुरूप गाड़ियों का संचालन किया जा रहा है। इससे ग्रीष्मकालीन अवकाश की भीड़ में यात्रियों को काफी लाभ मिलेगा।
स्टेशन पर खड़ी चढ़ते यात्री। आर्काइव