संवाद न्यूज एजेंसी
छछरौली। कृषिमंत्री कंवरपाल गुर्जर ने अधिकारियों के साथ ताहरपुर व आसपास के विभिन्न गांवों में बारिश व ओलावृष्टि से खराब फसलों का जायजा लिया। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे खराब फसलों की तुरंत रिपोर्ट तैयार करें।
मंत्री ने किसानों से बातचीत की और खराब हुई फसलों के बारे जानकारी ली। किसानों ने मंत्री को खेत ले जाकर बारिश व ओलावृष्टि में खराब गेहूं की फसल दिखाई। वहीं किसानों ने मंत्री के सामने अपनी समस्याएं रखीं। मंत्री ने किसानों को आश्वासन दिया कि खराब फसलों का आकलन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बारिश व ओलावृष्टि से कई स्थानों पर किसानों की फसलों को नुकसान हुआ है।
उन्होंने विभिन्न गांवों के अलावा प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर बारिश व ओलावृष्टि के कारण किसानों के खेतों में नुकसान पर चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि किसान अब पोर्टल पर फसलों का पंजीकरण करवा सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश कि जल्द क्षतिपूर्ति पोर्टल की समस्याएं दूर करें। इस दौरान सरपंच श्याम लाल, भाजपा मीडिया प्रभारी कपिल मनीष गर्ग, राजेश भारद्वाज, अभिषेक गुप्ता, सुशील मान, सौरण कश्यप, प्रवीण कुमार, बलबीर सिंह, कुलबीर सिंह आदि उपस्थित रहे।