संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती शनिवार को अर्जुन नगर स्थित पाल धर्मशाला में जिलास्तरीय स्तर पर श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। मुख्य अतिथि कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने मेधावी विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का आयोजन अखिल भारतीय पाल गडरिया महासभा हरियाणा की ओर से किया गया। हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) के सदस्य राजिंद्र धीमान, अखिल भारतीय पाल गडरिया महासभा के प्रदेश अध्यक्ष नर सिंह पाल और ज्ञानचंद पडवार अति विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महासभा के जिलाध्यक्ष राकेश पाल ने की।
समारोह में लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर के जीवन, समाज सेवा, जनकल्याण और सुशासन में उनके योगदान को याद किया गया। मुख्य अतिथिराणा ने कहा कि लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर ने समाज सेवा, जनकल्याण और सुशासन की ऐसी मिसाल पेश की, जो सदियों बाद भी लोगों को प्रेरित कर रही है।
उन्होंने पाल धर्मशाला में लाइब्रेरी स्थापित करने के लिए ग्रांट देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों और युवाओं को अध्ययन की बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी मदद मिलेगी। जिलाध्यक्ष राकेश पाल ने युवाओं से शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर नई ऊंचाइयों को छूने का आह्वान किया। कार्यक्रम में इंद्री नगरपालिका के चेयरमैन राकेश गूड़ा, ब्लॉक समिति जगाधरी के चेयरमैन ओमवीर, सचिन पाल नाहरपुर, मास्टर रामेश्वर, नरेश बापा, मुकेश सरस्वतीनगर, अशोक कुमार खिलांवाला, राजिंद्र पाल उपस्थित रहे।